जॉब का पहला दिन: भावनाएं, अनुभव और एक नई शुरुआत
जीवन में कुछ क्षण ऐसे होते हैं, जो समय बीत जाने के बाद भी स्मृतियों में सदैव ताजे बने रहते हैं। नौकरी का पहला दिन भी ऐसा ही एक अविस्मरणीय अनुभव है। यह केवल रोजगार की शुरुआत नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, जिम्मेदारी और आत्मविश्वास की दिशा में उठाया गया पहला सशक्त कदम होता है। उस दिन मन में उत्साह, जिज्ञासा, हल्की घबराहट, भविष्य के सपने और स्वयं को सिद्ध करने का संकल्प सभी भावनाएं एक साथ उमड़ती हैं। मेरे जीवन में यह महत्वपूर्ण अवसर तब आया, जब मैं 10 जनवरी 1994 को डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या में अपने प्रथम कार्य दिवस हेतु पहुंचा।
प्रारंभिक रूप से 8 जनवरी को भी मैं बड़े उत्साह से वहां गया था, पर द्वितीय शनिवार होने के कारण कार्यालय बंद मिला और कार्यभार ग्रहण नहीं कर सका। हल्की निराशा के बावजूद मन में दृढ़ विश्वास था कि शीघ्र ही नई यात्रा प्रारंभ होगी। दो दिन बाद पुनः पहुंचा तो मन में आत्मविश्वास और जिम्मेदारी का भाव अधिक प्रबल था। विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश करते ही ऐसा लगा मानो जीवन का एक नया अध्याय खुल रहा हो।
विभागाध्यक्ष प्रो. एस. सी. सक्सेना तथा अन्य वरिष्ठ शिक्षकों ने अत्यंत आत्मीयता से स्वागत किया। उनका स्नेहपूर्ण व्यवहार मेरे लिए प्रेरणास्रोत बना। नियुक्ति संबंधी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए जब मैंने संबंधित कार्यालयों में पत्र जमा किए, तो लगा कि लंबे समय से प्रतीक्षित लक्ष्य साकार हो गया है। उस समय विभाग नवस्थापित था, इसलिए कक्षाएं प्रारंभ नहीं हुई थीं। हम सबने मिलकर पाठ्यक्रम निर्माण और शैक्षणिक योजनाओं पर चर्चा की। चाय की चुस्कियों के साथ हुआ संवाद केवल औपचारिक नहीं, बल्कि सहयोग और भविष्य निर्माण की भावना से ओतप्रोत था।पहली नौकरी व्यक्ति को विद्यार्थी से जिम्मेदार पेशेवर की भूमिका में परिवर्तित कर देती है। मन में अनेक प्रश्न उठते हैं- क्या मैं अपेक्षाओं पर खरा उतर पाऊंगा?
कार्य का वातावरण कैसा होगा? किंतु यही प्रश्न आत्मविश्वास को भी जन्म देते हैं। विशेषकर शिक्षण क्षेत्र में पहली बार कक्षा में प्रवेश करना अत्यंत भावनात्मक अनुभव होता है। विद्यार्थियों का आदरपूर्ण अभिवादन यह एहसास कराता है कि शिक्षण केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य गढ़ने की प्रक्रिया है।
समय के साथ अनुभव बढ़ता गया और प्रारंभिक संकोच आत्मविश्वास में बदलता गया। 33 वर्षों की इस यात्रा ने मुझे सिखाया कि सफलता का आधार केवल प्रतिभा नहीं, बल्कि निरंतर परिश्रम, धैर्य, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण है।
चुनौतियां हर क्षेत्र में आती हैं, पर वही हमें परिपक्व और सशक्त बनाती हैं। एक शिक्षक के रूप में मैंने अनुभव किया कि ज्ञान बांटने से स्वयं का ज्ञान भी समृद्ध होता है और विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना ही वास्तविक संतोष देता है।
नए शिक्षकों के लिए मेरा संदेश है कि शिक्षण को केवल नौकरी न समझें, बल्कि इसे समाज निर्माण का पवित्र दायित्व मानें। निरंतर अध्ययन, विनम्रता, नई तकनीकों को अपनाने की तत्परता और विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशीलता ये गुण एक आदर्श शिक्षक की पहचान हैं। यदि व्यक्ति अपने मूल्यों, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को बनाए रखे, तो हर दिन नई सीख और नई उपलब्धि लेकर आता है। अंततः निरंतर प्रयास, आत्मविश्वास और समर्पण ही जीवन में आगे बढ़ने के सच्चे मूल मंत्र हैं।-प्रो. हिमांशु शेखर सिंह अयोध्या
