Holi Alert: होली की सुरक्षा व्यवस्था का ब्लू प्रिंट तैयार, हॉट स्पॉट्स पर रहेगी नजर
3729 स्थानों पर होलिका दहन की दी गयी अनुमति। रंगोत्सव व शोभा यात्रा पर तैनात रहेगी पुलिस, हंगामा करने वाले किए गए पाबंद।
लखनऊ, अमृत विचार: होलिका दहन से लेकर रंगोत्सव तक हॉट स्पॉट्स पर लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस की विशेष नजर रहेगी। यही नहीं पूर्व में होली के मौके पर हंगामा करने वाले लोगों को पुलिस ने पाबंद भी किया है। इसके अलावा पुलिस सोशल मीडिया पर भी निगाह रखेगी। जिससे कि होली के दौरान कोई अफवाह फैलाने का प्रयास करे तो उसे चिन्हित करके उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बब्लू कुमार ने बताया कि शहर में 3729 स्थानों पर होलिका दहन की अनुमति दी गई है। 2 फरवरी से 4 फरवरी के बीच होलिका दहन, रंगोत्सव, शोभायात्रा को सकुशल सम्पन्न कराए जाने के लिए पूरी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसके अलावा कई स्थानों पर मॉकड्रिल भी की गई है। सीसीटीवी कैमरों के जरिए रियल-टाइम मॉनिटरिंग भी की जाएगी।
सोशल मीडिया पर पुलिस की 24 घंटे नजर रखी जाएगी। जेसीपी का कहना है कि होलिका दहन, शोभायात्रा व होली का आयोजन कर रहे लोगों के साथ मीटिंग भी की गई है। उनसे होली का त्योहार सही से मनाने के लिए अनुरोध किया गया है। इसके अलावा एलआईयू और लोकल थानों की मदद से ऐसे लोगों को चिन्हित किया गया, जिन्हाेंने पूर्व में हंगामा किया है। ऐसे लोगों को हंगामा करने की आशंका के चलते पाबंद किया गया है।
ये फोर्स होगी तैनात
- एडीसीपी 4
- एसीपी 12
- इंस्पेक्टर 19 इंस्पेक्टर
- सब इंस्पेक्टर 72
- हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल 400
- ट्रैफिक इंस्पेक्टर 22
- ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर 75
- ट्रैफिक सिपाही 660
- होमगार्ड 80
- पीएसी 14 कंपनी
- वायरलेस यूनिट
- एलआईयू की टीमें
