श्रेयस अय्यर की शानदार फॉर्म और कप्तानी पर बोले फिंच-चावला, फिर शुरू हुई टीम इंडिया वाली चर्चा

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

मुंबईः श्रेयस अय्यर ने आईपीएल 2026 में अपनी पिछली तीन पारियों में 50, नाबाद 69 और 66 रन बनाए हैं। यह उन कारणों में से एक हैं, जिसकी वजह से पंजाब किंग्स इस समय चार जीत और एक वॉशआउट के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है। उनकी हालिया शानदार पारी के बाद आरोन फ़िंच के पास उनकी तारीफ़ के लिए शब्द कम पड़ गए। पंजाब की मुंबई इंडियंस पर जीत के बाद फ़िंच ने ईएसपीएन क्रिकइंफो के टाइमआउट शो में कहा, "उन्हें खेलते देखकर हैरानी होती है कि वह कितने अच्छे हैं। उन्होंने पिछले और अभी के आईपीएल के बीच कोई टी20 मैच नहीं खेला और फिर भी उन्होंने शुरुआत से ही धमाकेदार प्रदर्शन किया है। उनकी कप्तानी शानदार है। यह देखकर हैरानी होती है कि वह भारत के लिए और ज़्यादा क्रिकेट क्यों नहीं खेलते।

"वह बेहतरीन खिलाड़ी हैं और देखने में भी बहुत अच्छे लगते हैं। वह गेंद को ज़ोर से मारने की कोशिश नहीं करते। विकेट के दोनों तरफ़ खेलते हैं, फ्रंट फ़ुट और बैक फ़ुट दोनों पर शानदार हैं। अब उन्होंने अपने खेल के उस हिस्से को काफ़ी सुधार लिया है। जहां पहले लगता था कि शॉर्ट गेंद पर उन्हें रोका जा सकता है या आउट किया जा सकता है, अब वह उसे भी नियंत्रण के साथ खेलते हैं।"

फ़िंच के साथ बैठे पीयूष चावला मानते हैं कि अय्यर को टीम में होना चाहिए। चावला ने कहा, "मेरे हिसाब से अगर मैं चयनकर्ता होता, तो वह सीधे टीम में आते। वह मध्य क्रम के बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं। उनके पास क्रिकेटिंग दिमाग़ है, वह टीम को लीड भी कर सकते हैं। भविष्य के लिए देखें तो वह ज़रूर टीम में जगह बनाते हैं।"

2025 की शुरुआत से आईपीएल में 500 से ज़्यादा रन बनाने वाले 22 बल्लेबाज़ों में उनका स्ट्राइक रेट तीसरा सबसे ज़्यादा है। अभिषेक शर्मा और उनके टीममेट प्रियांश आर्य उनसे ऊपर हैं। इस दौरान उनका औसत भी तीसरा सबसे बेहतर है। विराट कोहली और जॉस बटलर उनसे ऊपर हैं। इन दो सीजन में अब तक सिर्फ़ चार बल्लेबाज़ों ने उनसे ज़्यादा रन बनाए हैं। पंजाब के स्पिन गेंदबाज़ी कोच साईराज बहुतुले ने मैच के बाद कहा, "समय के साथ उन्होंने अपने खेल को बहुत अच्छी तरह समझा है।

वह इस पर काफ़ी मेहनत करते हैं कि उनके लिए क्या काम कर रहा है और क्या नहीं। किन गेंदबाज़ों को वह निशाना बना सकते हैं। हर किसी के पास उनके ख़िलाफ़ शॉर्ट गेंद डालने की योजना होती है। लेकिन वह इतने समझदार हो गए हैं कि उन्हें पता होता है कि गेंदबाज कब ऐसा करेगा और उसकी योजना क्या है। वह इसके लिए पूरी तरह तैयार रहते हैं। इसलिए उनकी समझ के साथ-साथ उनकी एग्जिक्यूशन भी बहुत बेहतर हो गई है।"

पंजाब की हालिया सफलता का एक हिस्सा उनके चेज को सही तरीके से प्लान करने की क्षमता भी है। सभी टी 20 और टी20 लीग क्रिकेट में उनके नाम 200 से ज़्यादा रन के लक्ष्य का सबसे ज़्यादा 10 बार सफलतापूर्वक पीछा करने का रिकॉर्ड है। दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया है, जिसने यह काम सात बार किया है। पंजाब के इनमें से तीन चेज़ तब आए, जब आईपीएल 2025 से अय्यर टीम के कप्तान बने। इस सीजन में ऐसा दो बार हो चुका है। गुरुवार को पंजाब ने 196 रन का लक्ष्य 21 गेंद बाक़ी रहते हासिल कर लिया।

बहुतुले ने कहा, "अय्यर के पास काफ़ी स्पष्टता है और वह मैच की स्थिति को अच्छे से समझते हैं। वह कोशिश करते हैं कि मैच को आख़िर तक ले जाएं। 200 रन के लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं होता, लेकिन हमने इसे लगातार 10-11 बार किया है। वह स्थिति के हिसाब से खेलते हैं, आक्रामक शॉट्स भी लगाते हैं और अगर विकेट गिरता है तो साझेदारी बनाकर मैच को आगे ले जाते हैं।"

इन सब बातों के बाद एक बार फिर उनकी राष्ट्रीय टीम में जगह को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। फ़िंच ने कहा, "आप देखिए भारत की बेंच स्ट्रेंथ कितनी मज़बूत है। शायद हम उनकी मौज़ूदा टीम को नहीं हरा पाएंगे। शायद उनकी दूसरी टीम को भी नहीं और शायद तीसरी को भी नहीं। भारतीय क्रिकेट में ख़ासकर बल्लेबाज़ी में गहराई बहुत ज़्यादा है।" लेकिन भारत ने हाल ही में लगातार दूसरी बार टी 20 विश्व कप जीता है। ऐसे में अय्यर किसकी जगह आएंगे? उन्होंने कहा, "यही सबसे मुश्किल बात है। आपको मौजूदा खिलाड़ियों का सम्मान करना होगा। उन्होंने विश्व कप जीता है,"

फ़िंच ने कहा, "यह इतना आसान नहीं है कि कोई अच्छे फ़ॉर्म में है तो उसे तुरंत टीम में ले आएं। यह उन खिलाड़ियों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण समय है जो बाहर हैं। लेकिन अगला टी20 विश्व कप ऑस्ट्रेलिया में है और उसमें अभी काफ़ी समय है। वहां की परिस्थितियां अलग होंगी। इसलिए ऐसे खिलाड़ियों की ज़रूरत होगी, जो दुनिया भर में अच्छा खेल सकें, ख़ासकर उछाल वाली पिचों पर। श्रेयस उस श्रेणी में ज़रूर आते हैं।"

संबंधित समाचार