Uttrakhand: हल्द्वानी में बोले धामी...कानून व्यवस्था को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं
हल्द्धानी, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़े लहजे में कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस, प्रशासन तथा सभी विभागों को आमजन के प्रति संवेदनशील, उत्तरदायी और परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश दिए। वानिकी प्रशिक्षण अकादमी सभागार की एक बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अपनी बात रख रहे थे।
सीएम ने कहा कि रानीबाग स्थित एचएमटी फैक्ट्री की भूमि पर राज्य सरकार को हस्तांतरित हो गई है। अब सरकार इस भूमि से युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रयासरत है। इसी क्रम में इस भूमि पर आईटी हब विकसित करने की योजना है, जिसकी कार्यवाही गतिमान है। इससे क्षेत्र में रोजगार सृजन एवं औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
सुप्रीम कोर्ट ने भी माना बनभूलपुरा में है अतिक्रमण
बनभूलपुरा रेलवे व राज्य सरकार भूमि पर अतिक्रमण प्रकरण में सीएम धामी ने कहा कि अब तो सुप्रीम कोर्ट ने भी सुनवाई में स्वयं मान लिया है कि उक्त क्षेत्र अतिक्रमित है, अवैध रूप से अवैध कब्जे हैं। इस समस्या का समाधान तो पहले ही हो जाना चाहिए था लेकिन सपा, कांग्रेस जैसी पार्टियां इसको सुप्रीम कोर्ट तक ले गई थी जिसकी वजह से मामला इतने वर्षों तक लंबित रहा। उन्होंने कहा कि बिंदुखत्ता को लेकर भी सांसद, विधायक व जनप्रतिनिधि व सरकार गंभीरता से प्रयास कर रही है कि बिंदुखत्ता जैसे जितने भी स्थान हो बग्गा चौवन, रामनगर आदि की समस्या का समाधान किया जाए।
सीएम ने इन योजनाओं का किया लोकार्पण
शिप्रा नदी में 30 मीटर स्पान के मोटर पुल, राजकीय औद्योगिक संस्थान हल्द्वानी में टैक्नोलॉजी लैब, नलकूप निर्माण, कोटाबाग में महादेवपुरम व झलुवाझाला नलकूप, बैलपोखरा में नलकूप तथा बैलपड़ाव में सिचाई नलकूप, महिला महाविद्यालय में लैब, लालकुआ में नलकूपों पर स्टैबलाइजर एवं जलजीवन मिशन के अन्तर्गत 14 पेयजल योजनाओं में हरिपुर लच्छी, कालूपुर पोखरिया, जीतपुर रैक्वाल, देवलातल्ला, भवान सिंह नवाड़, बसन्तपुर, किशनपुर रैक्वाल, चोरगलिया आमखेडा जयराम परमा, हल्दूचौड जग्गी, भवानीपुर कृष्णा, पाडलीपुर, भगवानपुर दुर्गापुर, बकुटिया पेयजल योजना, पशु चिकित्सालय रामगढ़ में भवन निर्माण सहित 23 विकास का लोकार्पण किया गया।
सीएम ने इन योजनाओं का किया शिलान्यास
कसियालेख-धारी मोटर मार्ग, रानीबाग-खुटानी, चाफी-पदमपुरी-धानाचुली, मोतियापाथर- शहरफाटक मार्ग सुधारीकरण, नैनीताल के अनावासीय भवन निर्माण, भेंटी दियारी खोली मोटर मार्ग, नशा मुक्ति केन्द्र पांडे नवाड़ मरम्मत कार्य, नवाबी रोड सीवरेज, 28 एमएलडी एसटीपी निर्माण, नरीमन तिराहे से गौलापुल तक सड़क मरम्मत, देवरामपुर गौलागेट सड़क सुधारीकरण, हल्दूचौड़ गौला रोड डीबीएमस, चांदनी चौक घुड़दौड़ा तक मार्ग सुधारीकरण, पीपल पोखरा में साईं शटरिंग, हिम्मतपुर बैजनाथ पीसी, वृन्दावन विहार एवं चांदनी चौक में पीसी नवनिर्माण, गुंसाईपुर में सड़क सुधारीकरण एवं पनचक्की- चौफुला- कठघरिया नहर कवरिंग शामिल हैं।
सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध टीकाकरण अभियान का शुभारंभ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर से 14 वर्ष की लड़कियों के लिए सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज से वर्चुअली हिस्सा लिया। सीएम धामी ने मेडिकल कॉलेज में बने एचपीवी टीकाकरण कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने एचपीवी टीकाकरण के लिए आई 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं से भी वार्ता की एवं उन्हें इस टीके के लाभ के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि राजस्थान के अजमेर से शुरू हुए इस अभियान के अंतर्गत देशभर में 14 वर्ष की, लगभग 1 करोड़ 15 लाख से अधिक किशोरियों को मुफ्त एचपीवी वैक्सीन दी जाएगी। राज्य में भी इस अभियान के प्रथम चरण में 155 केंद्रों पर व्यापक स्तर पर टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। इस अभियान की सफलता के लिए डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया है ताकि कोल्ड-चेन व्यवस्था मजबूत हो। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट,आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी आदि रहे।
