आगरा : होटल के कमरे में महिला ने की साथी की धारदार हथियार से हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में एक होटल में शुक्रवार को एक व्यक्ति की उसकी महिला साथी ने बेरहमी से कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला ने पहले हथौड़े से वार किया और फिर धारदार हथियार से हमला कर व्यक्ति को मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने मौके से आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया और पूछताछ जारी है। पुलिस ने बताया कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पश्चिमी क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आदित्य ने बताया कि खिल्लो (36) नाम का व्यक्ति और उसकी महिला साथी शुक्रवार को होटल में आए थे तथा दोपहर करीब 12 बजे होटल कर्मचारियों ने पुलिस को कमरे में हत्या की सूचना दी।
उन्होंने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस को कमरे में खिल्लो का खून से लथपथ शव मिला और आरोपी महिला भी कमरे में मौजूद थी, जिसे तत्काल हिरासत में ले लिया गया। अधिकारी ने बताया कि हत्या की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं है हालांकि कमरे से शराब की बोतलें बरामद हुई हैं। उन्होंने बताया कि फोरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है और मामले की जांच जारी है।
