Lucknow University: सुभाष हॉस्टल में बीए छात्र ने लगाया फंदा, दरवाजा तोड़कर निकाला गया शव

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ: लखनऊ विश्वविद्यालय के सुभाष हॉस्टल में एक और दुखद घटना ने पूरे कैंपस को स्तब्ध कर दिया है। बीए प्रथम वर्ष के छात्र नवीन ने रविवार सुबह अपने कमरे (नंबर 52) में आत्महत्या कर ली। पुलिस ने रविवार को इसकी पुष्टि की।

घटना की जानकारी तब हुई जब सुबह काफी देर तक नवीन अपने कमरे से बाहर नहीं निकले। साथी छात्रों ने उन्हें उठाने के लिए बार-बार दरवाजा खटखटाया और आवाजें दीं, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। स्थिति को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर छात्र फांसी के फंदे पर लटकता मिला।

मामले की सूचना मिलते ही हसनगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। फिलहाल आत्महत्या के पीछे किसी कारण का पता नहीं चला है, लेकिन जांच सभी पहलुओं से जारी है।

नवीन सुभाष हॉस्टल में रहकर लखनऊ विश्वविद्यालय से बीए की पढ़ाई कर रहे थे। घटना के बाद हॉस्टल और कैंपस में शोक का माहौल है। छात्रों और शिक्षकों ने इस घटना को लेकर गहरा दुख जताया है।

यह घटना एक बार फिर छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव और काउंसलिंग की जरूरत पर सवाल खड़े करती है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि मामले की गहन जांच कराई जा रही है और जरूरत पड़ने पर छात्रों के लिए विशेष काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे।

संबंधित समाचार