गुंडागर्दी-माफियागिरी हिरण्यकश्यप जैसी : मुख्यमंत्री

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर अपराध, अराजकता और माफियागिरी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि गुंडागर्दी और माफियागिरी हिरण्यकश्यप जैसी है, जिसका अंत तय है। उन्होंने दो टूक कहा कि लातों के भूत बातों से नहीं मानते, इसलिए जो जैसा है, उसके खिलाफ वैसी ही कार्रवाई जरूरी है।

मुख्यमंत्री योगी ने सोमवार को गोरखपुर में श्री श्री होलिका दहन उत्सव समिति, पांडेयहाता द्वारा आयोजित भक्त प्रहलाद की पारंपरिक शोभायात्रा का पूजा-अर्चना और आरती के साथ शुभारंभ करके श्रद्धालुओं के साथ फूलों की होली खेली। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को होली की शुभकामनाएं देते हुए समिति को शताब्दी वर्ष के लिए बधाई दी। योगी ने कहा कि 2014 से पहले त्योहार दंगे-कर्फ्यू की चपेट में आ जाते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं है। जैसे अत्याचारी हिरण्यकश्यप के अंत के लिए भगवान विष्णु को नरसिंह अवतार लेना पड़ा, वैसे ही आज के युग में अपराधियों और भ्रष्टाचारियों का भी नाश किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यूपी में न कर्फ्यू है, न दंगा-यूपी में सब चंगा है। डबल इंजन सरकार में पर्व और उत्सव भयमुक्त माहौल में मनाए जा रहे हैं। उन्होंने अपील की कि होली उल्लास और भाईचारे का पर्व है, इसे जबरदस्ती या वैमनस्य से खराब न किया जाए। जिन्हें रंग पसंद न हों, उनकी भावनाओं का सम्मान किया जाए। पांडेयहाता क्षेत्र के विकास का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि संकरी गलियों वाला यह बाजार कभी पूरे पूर्वांचल, नेपाल और बिहार के व्यापार का केंद्र था, लेकिन समय के साथ जर्जर हो गया था। अब इसे ‘विरासत गलियारा’ के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो प्रदेश का सबसे सुंदर हेरिटेज कॉरिडोर बनेगा। सड़क चौड़ीकरण में जिन व्यापारियों की दुकानें प्रभावित हुई हैं, उनके लिए नगर निगम मल्टी-कॉम्प्लेक्स बनाकर दुकानें आवंटित करेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुकानों का किराया वाजिब रखा जाए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सांसद रवि किशन पर हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी लेते हुए कहा कि व्यापारी तो दुकान से कमाएंगे, रवि किशन तो नाच-गाकर भी कमा लेंगे। इस पर मंच पर मौजूद रवि किशन ने होली गीत गाकर माहौल को और रंगीन कर दिया और मुख्यमंत्री के जापान दौरे की सराहना की।

भाजपा-संघ पदाधिकारियों संग बैठक

गोरखपुर दौरे के दौरान सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस परिसर स्थित एनेक्सी भवन में भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शीर्ष पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर पहुंचे और गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन मंत्री धर्मपाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, प्रदेश उपाध्यक्ष डाक्टर धर्मेंद्र सिंह की मौजूदगी रही।

संबंधित समाचार