मुरादाबाद : श्रीराम ढोल शोभायात्रा में झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
डिप्टी साहब के मंदिर से निकाली गई शोभायात्रा में उमड़े लोग
मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर के डिप्टी साहब के मंदिर से सोमवार को परंपरागत तरीके से श्रीराम ढोल शोभा यात्रा हर्षोल्लासपूर्वक निकाली गई। शोभा यात्रा में शामिल झाकियों को देखने के लिए लोग उमड़े। शोभायात्रा में खूब रंग गुलाल उड़ा। सभी ने होली पर आपसी सौहार्द और भाई चारे का संदेश दिया। आयोजन के दौरान प्रशासन व पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की तो नगर निगम की टीम सफाई व पेयजल व्यवस्था में लगी रही।
शोभा यात्रा में श्रीराम दरबार, राधाकृष्ण की झांकी, शंकर पार्वती, श्रीगणेश, मां दुर्गा की झांकियों को देखने के लिए लोग उमड़े। रंग गुलाल उड़ाते हुए शोभायात्रा प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रास्ते में जगह जगह लोगों ने गुलाल उड़ाकर शोभायात्रा का स्वागत किया। आयोजकों ने कहा कि होली वसंत ऋतु का उत्सव है। यह जीवन में खुशियों का रंग भरने और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है। शोभा यात्रा में ट्रस्ट के अध्यक्ष शिव कुमार सिंह, उमेश सिंह, सर्वेश सिंह, राजेश सूर्या, विपिन गुप्ता, देवेश सिंह अवधेश सिंह, कुलदीप नारायण, उपदेश सिंह, रामवीर सिंह, ब्रजेश सिंह आदि शामिल रहे।
