आईपीएल में यूपी का जलवा : पहली बार उतरेंगे लखनऊ के नमन तिवारी और अमेठी के प्रशांत वीर

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : 28 मार्च से शुरू होने जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें संस्करण में इस बार यूपी के खिलाड़ियों का जलवा देखने को मिलेगा। खास तौर पर लखनऊ के बाएं हाथ के मीडियम पेसर नमन तिवारी और अमेठी के प्रशांत वीर पर सभी की निगाहें रहेंगी। दोनों खिलाड़ी पहली बार आईपीएल में पदार्पण कर रहे हैं और अपने प्रदर्शन से पहचान बनाने को तैयार हैं। नमन तिवारी पहले भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुके हैं और उन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने अपनी टीम में शामिल किया है। टीम में पहले से मौजूद मोहसिन खान के साथ नमन को भी इस सीजन में अपनी धारदार गेंदबाजी दिखाने का मौका मिल सकता है। 

वहीं अमेठी के प्रशांत वीर ने यूपी लीग में शानदार प्रदर्शन कर सुर्खियां बटोरी थीं। मिनी ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने उन्हें खरीदा, जिसके बाद वे पहली बार आईपीएल का हिस्सा बनेंगे। इस दौरान उन्हें टीम के कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करने का मौका मिलेगा, जो उनके लिए बड़े अनुभव की तरह होगा।

यूपी के एक दर्जन खिलाड़ी अलग-अलग टीमों में

इस सीजन में उत्तर प्रदेश के करीब एक दर्जन खिलाड़ी विभिन्न फ्रेंचाइजी टीमों का हिस्सा बनकर मैदान में उतरेंगे। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि ये खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से न सिर्फ टीमों को मजबूती देंगे बल्कि खिताब की दौड़ में भी अहम भूमिका निभाएंगे। रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु की गेंदबाजी की जिम्मेदारी मेरठ के भुवनेश्वर कुमार और प्रयागराज के यश दयाल के कंधों पर होगी। वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए अलीगढ़ के रिंकू सिंह और हापुड़ के कार्तिक त्यागी मैदान में उतरेंगे। दिल्ली कैपिटल्स में कानपुर के कुलदीप यादव, मेरठ के समीर रिजवी और बाराबंकी के विप्रज निगम को जगह मिली है। इसके अलावा सनराइजर्स हैदराबाद ने लखनऊ के जीशान अंसारी और नोएडा के शिवम मावी पर भरोसा जताया है।

किस टीम में यूपी के कौन-कौन खिलाड़ी
दिल्ली कैपिटल्स – विप्रज निगम (बाराबंकी), कुलदीप यादव (कानपुर), समीर रिजवी (मेरठ)

कोलकाता नाइट राइडर्स – रिंकू सिंह (अलीगढ़), कार्तिक त्यागी (हापुड़)
लखनऊ सुपर जायंट्स – मोहसिन खान (संभल), नमन तिवारी (लखनऊ)

रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु – भुवनेश्वर कुमार (मेरठ), यश दयाल (प्रयागराज)
सनराइजर्स हैदराबाद – जीशान अंसारी (लखनऊ), शिवम मावी (नोएडा)

चेन्नई सुपर किंग्स – प्रशांत वीर (अमेठी)

क्या कहते हैं विशेषज्ञ
पूर्व भारतीय खिलाड़ी ज्ञानेंद्र पाण्डेय का कहना है कि आईपीएल ऐसा मंच है जहां दुनिया भर के खिलाड़ी एक साथ खेलते हैं। यहां अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी भारतीय टीम के दरवाजे तक पहुंच सकते हैं। इकाना स्टेडियम के सीनियर एमडी उदय सिन्हा के मुताबिक प्रदेश के खिलाड़ियों की बढ़ती मांग यूपी क्रिकेट के लिए सकारात्मक संकेत है और इससे नई प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलेगा। वहीं उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की जूनियर चयन समिति के चेयरमैन और पूर्व रणजी खिलाड़ी कमलकांत कनौजिया का कहना है कि यूपी के खिलाड़ियों की मौजूदगी से युवा क्रिकेटरों को प्रेरणा मिलेगी और भविष्य में प्रदेश से और भी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिखाई देंगे।

ये भी पढ़ें : ग्रीन एनर्जी का नया हॉटस्पॉट बना यूपी, गोरखपुर-रामपुर जिलों में शुरू ग्रीन हाइड्रोजन परियोजनाएं 

संबंधित समाचार