Encounter: आजमगढ़ में गोतस्कर-हिस्ट्रीशीटर से मुठभेड़ .... 4 शातिर गिरफ्तार, चोरी की बाइक और गोकशी के उपकरण बरामद
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पुलिस ने बीती रात दो स्थानों पर हुई मुठभेड़ों में चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। निजामाबाद और फूलपुर थाना क्षेत्रों में हुई इन मुठभेड़ों में दो बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हुए हैं। इन घायलों में एक 17 मुकदमे वाला हिस्ट्रीशीटर है।
पकड़े गए आरोपियों के पास से अवैध असलहे, चोरी की बाइक और गोकशी के उपकरण बरामद किए गए हैं। क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल बताया कि पहली मुठभेड़ निजामाबाद थाना क्षेत्र के नेवादा पुल के पास 4 मार्च की रात करीब 10:25 बजे हुई।
पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में चेकिंग कर रही थी, तभी बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में शातिर गोतस्कर और हिस्ट्रीशीटर मेराज घायल हो गया, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, उसका साथी नासिर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। मेराज पर पहले से गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के 17 से अधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने उसके पास से एक .315 बोर तमंचा, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की है। एक अन्य मुठभेड़ के बारे में फूलपुर के क्षेत्राधिकार किरण सिंह पाल ने बताया कि यह मुठभेड़ फूलपुर थाना क्षेत्र के मुडियार ग्राम के पास 5 मार्च की तड़के करीब 2:15 बजे हुई। यह कार्रवाई ग्राम कौड़िया में मिले प्रतिबंधित पशु अवशेषों के मामले की जांच के दौरान हुई।
यहाँ पुलिस और बदमाशों के बीच हुई फायरिंग में मो. आमिर घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर आमिर सहित कुल तीन अभियुक्तों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सुनियोजित तरीके से गोवंश को पकड़कर उनका वध करते थे और मांस की बिक्री करते थे। इनके कब्जे से दो चापड़, तमंचा और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
