सुलतानपुर में होली पर बवाल:युवकों पर पिस्टल तानने वाले गिरफ्तार, पुलिस ने कब्जे में लिया
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में बुधवार को होली खेल रहे युवकों पर पिस्टल तानने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध पिस्टल व कारतूस बरामद किया हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार बुधवार को होली के त्योहार के दौरान नगर कोतवाली पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। सिरवारा रोड निवासी सिद्धार्थ यादव ने नार्मल चौराहे पर होली खेल रहे युवकों पर पिस्टल तान दी, जिससे मौके पर अफरा- तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अवैध पिस्टल व तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से किसी भी अप्रिय घटना को होने से पहले ही रोक दिया गया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही थी, इसी सतर्कता के चलते समय रहते आरोपी को पकड़ लिया गया। वहीं दूसरी ओर निराला नगर क्षेत्र में दो से तीन अराजक तत्वों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसका हाथ डिसलोकेट हो गया। घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल कालेज भेजा गया। पीड़ित के परिजनों ने नगर कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें :
ईरान के स्कूल पर इजराइली-अमेरिकी हमले की अखिलेश ने दी कड़ी प्रतिक्रिया, कहा- हमले को बताया निंदनीय
