जमशेदपुर : जेएन टाटा की 187वीं जयंती, सीएम हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि
जमशेदजी टाटा ने जिस आधुनिक, समृद्ध और मजबूत औद्योगिक प्रणाली की कल्पना की थी, वह आज देश की विकास यात्रा की मजबूत नींव बन गई है।
जमशेदपुर : उद्योगपति और परोपकारी जमशेदजी नसरवानजी टाटा की 187वीं जयंती मंगलवार को झारखंड के जमशेदपुर में मनाई गई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस अवसर पर जेएन टाटा को याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा, 'राष्ट्र को औद्योगिक प्रगति की राह दिखाने वाले टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी टाटा की जयंती पर मैं उन्हें शत-शत नमन करता हूं।'
उन्होंने कहा कि जमशेदजी टाटा ने जिस आधुनिक, समृद्ध और मजबूत औद्योगिक प्रणाली की कल्पना की थी, वह आज देश की विकास यात्रा की मजबूत नींव बन गई है। झारखंड से शुरू हुई टाटा समूह की यह यात्रा निरंतर और मजबूती के साथ आगे बढ़ती रहे।
इस अवसर पर टाटा स्टील द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा और उनके परिवार के अलावा टाटा स्टील व टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन शामिल हुए।
कार्यक्रम में टाटा स्टील के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक टी वी नरेंद्रन और निदेशक मंडल के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
