मेडिकल कॉलेज में गृह युद्ध : सीएमएस-ईएमओ व फार्मासिस्ट को हटाया
अयोध्या, अमृत विचार : इजरायल और ईरान में चल रहे युद्ध के बीच जिले के राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज से गृहयुद्ध की खबर सामने आ रही है। यहां शुक्रवार शाम कॉलेज के प्राचार्य ने सीएमएस डॉ. अरविंद सिंह, ईएमओ डॉ.बागीश मिश्रा व फार्मासिस्ट योगेश मिश्रा को कॉलेज से हटाकर मूल विभाग भेजने के लिए निर्देशित कर दिया गया है। तीनों की रिलीविंग को हाल ही में आईं बिना बिल की दवाओं के बारे में आवाज उठाने से जोड़कर देखा जा रहा है।
प्राचार्य कार्यालय की तरफ से जारी पत्र के मुताबिक सीएमएस डॉ. अरविन्द कुमार सिंह से कहा गया है कि आप एक अप्रैल 2019 से तीन वर्षों के लिये प्रतिनियुक्ति पर तैनात थे। आपकी डयूटी एमआरडीसीसीएल स्टोर विभाग में लगाई गई थी। आप प्रतिनियुक्ति के बाद अधिकतम पांच वर्ष पूरे कर चुके हैं। दो वर्ष और आप द्वारा सेवा दी जा चुकी है। वर्तमान में चिकित्सालय में पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध है। ऐसे में आपकी विशेषता एवं सेवाओं का लाभ अन्य किसी स्थान पर, जहां आवश्यकता हो वहां मिलना चाहिए। इसलिए आपको मूल विभाग हेतु कार्यमुक्त करते हुये निर्देशित किया जाता है कि आप अपना समस्त प्रभार चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरविन्द कुमार को हस्तांतरित कराकर महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवायें को अपनी योगदान आख्या प्रस्तुत करते हुये उनके निर्देशानुसार कार्य करना सुनिश्चित करें। इसी तरह डॉ.बागीश मिश्रा को अपना कार्यभार डॉ. बसन्त कौशल को और फार्मासिस्ट योगेश मिश्रा को अपना समस्त कार्यभार डॉ. लक्ष्मण वर्मा को सौंपने के लिए निर्देशित किया गया है। बता दें कि योगेश ने ही दवाओं के गत्ते बिना बिल के कॉलेज में पहुंचने की बात उठाई थी। हालांकि थोड़ी देर बाद ही उन्होंने दूसरा पत्र जारी कर पल्ला झाड़ लिया था।
वहीं सीएमएस डॉ. अरविंद सिंह ने अमृत विचार से बात करते हुए कहा कि हाल ही में अनाधिकृत दवाओं का जखीरा मेडिकल कॉलेज पहुंचा था। फार्मासिस्ट ने स्टोर में लेने से मना कर दिया था। इन्होंने न सिर्फ फार्मासिस्ट पर दबाव बनाया बल्कि मुझसे भी दवा को रखवाने का आदेश देने के लिए कहा था। अब रिलीविंग का पत्र जारी कर दिया, ताकि ये लोग अनाधिकृत दवा खपा सकें। इसीलिए तीनों को हटाया जा रहा है। हालांकि सीएमएस शासन से नियुक्त होता है। हटाने का अधिकार इनके हाथ में नहीं है। सिर्फ शासन को लिख सकते हैं।
यह भी पढ़ें : UPSC Result : कांधला की बेटी आस्था जैन ने UPSC में हासिल की 9वीं रैंक, शामली में उत्साह का माहौल
