घर लौटने की जद्दोजहद: होली के बाद ट्रेनों में लंबी वेटिंग, बस अड्डों पर बढ़ी भीड़

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचारः होली के बाद लखनऊ से दिल्ली, मुंबई, जयपुर और देहरादून जाने वाली ट्रेनों में कंफर्म टिकट के लिए मारामारी मची है। पुष्पक, अवध और तेजस में प्रतीक्षा सूची लंबी है। सूत्रों के मुताबिक इन रूटों पर स्लीपर और थर्ड एसी कोच में ज्यादा दबाव है। 25 हजार से अधिक यात्री प्रतीक्षा सूची में हैं, जबकि तत्काल कोटे में केवल लगभग 4,500 सीटें उपलब्ध हैं। कई ट्रेनों में ‘रिग्रेट’ की स्थिति बन चुकी है।

Untitled design (9)

लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली अधिकतर ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट है। स्टेशन के पूछताछ काउंटर के बाहर यात्रियों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई यात्री घंटों तक इस उम्मीद में इंतजार करते रहे कि किसी ट्रेन में सीट खाली हो जाए तो वे घर पहुंच सके।

Untitled design (10)

गौरव ने बताया कि तीन दिनों से टिकट के लिए आ रहे हैं, हर बार वेटिंग और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर बैठे हैं, उम्मीद है कि किसी ट्रेन में एडजस्ट हो जाएं। बिहार जा रहे मुकेश ने बताया कि उनका टिकट वेटिंग में है। इससे जनरल या स्लीपर कोच में खड़े होकर सफर करना पड़ेगा। 

Untitled design (12)

ट्रेनों में भीड़ इतनी ज्यादा है कि यात्री गेट और बाथरूम के पास खड़े होकर सफर कर रहे हैं। परिवार के साथ यात्रा करने वालों के लिए परेशानी और बढ़ गई है। भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे और उत्तर रेलवे ने कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने के साथ ही होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है।

Untitled design (13)

सुल्तानपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) के बीच विशेष ट्रेन चलाई जा रही है, ताकि यात्रियों को कुछ राहत मिल सके। वहीं स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जीआरपी और आरपीएफ के जवानों को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।

बसें बनीं विकल्प

ट्रेनों में सीट न मिलने पर यात्री बसों का सहारा ले रहे हैं। दिल्ली, गोरखपुर, आगरा, बस्ती, मुरादाबाद और जालौन जाने वाले यात्रियों की संख्या बस अड्डों पर बढ़ी है। गुरुवार शाम वापसी के लिए आलमबाग, कैसरबाग और अवध बस अड्डों पर यात्रियों की भारी भीड़ रही। इसे देखते हुए रोडवेज ने प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, बरेली और दिल्ली सहित कई रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाई हैं।

ये भी पढ़ें :
होली के बाद यात्रियों की वापसी के लिए रेलवे के विशेष इंतजाम: एमजीआर सेंट्रल–लखनऊ एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच

 

 

 

 

 

संबंधित समाचार