योगी सरकार का बड़ा तोहफा : यूपी के 3300 से अधिक किसानों को अनुदान पर मिलेंगे कृषि यंत्र, ई-लॉटरी से होगा चयन

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार। प्रदेश में 3300 से अधिक किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र दिए जाएंगे। इसका लाभ उन किसानों को मिलेगा जिन्होंने 4 मार्च तक कृषि विभाग की वेबसाइट www.agridarshan.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन किया है। जिन जिलों में लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, वहां शुक्रवार को ई-लॉटरी के माध्यम से किसानों का चयन किया जाएगा।

कृषि विभाग के अनुसार, सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना के तहत फार्म मशीनरी बैंक, कृषि ड्रोन और अन्य एकल कृषि यंत्रों के लिए 2519 किसानों को अनुदान दिया जाएगा। वहीं प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजना के अंतर्गत 800 किसानों को कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।

चयनित किसानों को बुकिंग टोकन कंफर्म होने के बाद 10 दिन के भीतर कृषि यंत्र खरीदकर उसकी रसीद और फोटो विभागीय पोर्टल www.agridarshan.up.gov.in⁠ या upyantratraking.in पर अपलोड करनी होगी। ई-लॉटरी में चयनित किसानों को मोबाइल पर एसएमएस के जरिए सूचना दी जाएगी।

साथ ही प्रतीक्षा सूची में शामिल किसानों को भी इसकी जानकारी भेजी जाएगी। चयनित न होने वाले किसानों की जमानत राशि अधिकतम छह महीने के भीतर वापस कर दी जाएगी। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि जिन किसानों ने पोर्टल पर कृषि यंत्रों के लिए बुकिंग की है, वे अपने-अपने जिलों में आयोजित होने वाली ई-लॉटरी प्रक्रिया में जरूर भाग लें।

2017 से अब तक करीब तीन लाख कृषि यंत्रों का वितरण

प्रदेश में वर्ष 2017-18 से 2025 तक लगभग तीन लाख कृषि यंत्र किसानों को उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इनमें 2.31 लाख एकल कृषि यंत्र, 8405 कस्टम हायरिंग सेंटर और 7351 फार्म मशीनरी बैंक शामिल हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनवरी तक 7777 कृषि यंत्र, 51 कस्टम हायरिंग सेंटर और 64 फार्म मशीनरी बैंक स्थापित करने के बिल पोर्टल पर अपलोड किए जा चुके हैं।

ये भी पढ़ें :
होली के बाद यात्रियों की वापसी के लिए रेलवे के विशेष इंतजाम: एमजीआर सेंट्रल–लखनऊ एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच

 

संबंधित समाचार