पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा 2026 : आवेदन की अंतिम तिथि 10 मई तक बढ़ी
लखनऊ, अमृत विचार : संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलीटेक्निक)-2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पहले यह तिथि 30 अप्रैल निर्धारित थी, जिसे अभ्यर्थियों के हित में बढ़ाकर अब 10 मई 2026 कर दिया गया है।
परिषद के सचिव ने बताया कि अभ्यर्थियों और विभिन्न संस्थाओं की मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। साथ ही आवेदन पत्रों में त्रुटि सुधार की तिथियों में भी बदलाव किया गया है। अब अभ्यर्थी 8 मई से 11 मई 2026 तक अपने आवेदन में संशोधन कर सकेंगे। प्रवेश परीक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी परिषद के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर या हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
परिषद के अनुसार, प्रदेश में पॉलीटेक्निक की कुल 2,71,093 सीटों के मुकाबले अब तक करीब 3.5 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन कर दिया है। साथ ही अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे बढ़ी हुई समय-सीमा का लाभ उठाते हुए समय पर आवेदन करें और आवश्यक सुधार भी निर्धारित अवधि में पूरा कर लें।
