US-ईरान युद्ध में ट्रंप का तीखा हमला: 'धरती से बड़े कैंसर को...', तेल कीमतों पर भी दिया बड़ा बयान
वाशिंगटनः अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ चल रहे अमेरिकी-इजरायली सैन्य अभियान पर अपनी राय रखते हुए कड़ा रुख अपनाया है। एयर फोर्स वन में मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी सेनाओं ने ईरान की नौसेना को पूरी तरह तबाह कर दिया है। उन्होंने इसे एक 'छोटा सा ऑपरेशन' बताते हुए कहा कि ईरानी जहाज अब समुद्र की गहराइयों में दफन हो चुके हैं।
यह युद्ध अब दूसरे हफ्ते में पहुंच चुका है, जहां अमेरिका और इजरायल की वायुसेना तेहरान के प्रमुख सैन्य ठिकानों पर लगातार हवाई हमले कर रही है। ईरान भी चुप नहीं बैठा – वह मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य अड्डों पर पलटवार कर रहा है। खासतौर पर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में ईरानी हमले तेज हैं, जहां दुबई के कई इलाकों को निशाना बनाया गया है। इसके अलावा, सऊदी अरब के तेल क्षेत्रों पर भी हमलों की खबरें आ रही हैं, जो वैश्विक ऊर्जा बाजार को हिला सकती हैं।
तेल कीमतों पर ट्रंप का अनुमान
ट्रंप ने तेल बाजार की अस्थिरता पर बोलते हुए कहा कि युद्ध की वजह से कीमतों में उछाल आएगा, लेकिन ये जल्द ही नीचे भी आएंगी। उन्होंने जोर देकर कहा, "हम धरती से एक बड़े कैंसर को खत्म कर देंगे – इसे जड़ से उखाड़ फेंकेंगे।" उनका इशारा साफ तौर पर ईरानी शासन की ओर था, जिसे वे वैश्विक खतरे के रूप में देखते हैं।
हमास हमले का जिक्र कर इजरायल का बचाव
ट्रंप ने 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए हमास के हमलों को याद दिलाते हुए कहा कि पिछले सालों की घटनाओं को भूलना नहीं चाहिए। उन्होंने ईरान पर हमलों को सही ठहराते हुए बताया कि यह कार्रवाई सिर्फ अमेरिका या इजरायल के लिए नहीं, बल्कि पूरे मध्य पूर्व और दुनिया की शांति के लिए जरूरी है। "देखते हैं आगे क्या होता है," ट्रंप ने रहस्यमयी अंदाज में कहा।
