UP Weather News : मई माह में पल पल बदलेगा मौसम का मिजाज, कभी लू तो कभी आंधी का कहर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार मई माह में जहां एक ओर तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी-तूफान और बेमौसम बारिश की भी संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अप्रैल माह के दौरान सक्रिय रहे पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में ओलावृष्टि और सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई।

हालांकि मध्य अवधि में किसी प्रभावी मौसम तंत्र के सक्रिय न रहने से तापमान में तेजी से वृद्धि हुई, जिसके चलते बुंदेलखंड क्षेत्र के बांदा में अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो अप्रैल के ऐतिहासिक उच्चतम स्तरों में दर्ज हुआ। इस दौरान प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में लू का भी असर देखा गया। वर्तमान में भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में तटस्थ 'एल नीनो' जैसी परिस्थितियां विकसित हो रही हैं, जबकि हिंद महासागर द्विध्रुव भी तटस्थ स्थिति में है।

इन वैश्विक कारकों के संयुक्त प्रभाव से मई माह में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना जताई गई है। हालांकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में तापमान अपेक्षाकृत कम रह सकता है, जबकि पूर्वी, मध्यवर्ती और दक्षिणी हिस्सों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य या उससे अधिक रहने का अनुमान है। विशेषज्ञों का कहना है कि मई माह के दौरान प्रदेश के उत्तरी तराई क्षेत्रों में लू के दिनों की संख्या सामान्य से अधिक रह सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में यह सामान्य स्तर पर रहने की संभावना है। साथ ही, न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी के संकेत हैं, जिससे रातों में उमस और गर्मी का असर बढ़ सकता है।

इस बीच, वर्तमान पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से प्रदेश में मौसम फिलहाल साफ और शुष्क बना हुआ है। अगले दो दिनों में तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना है। हालांकि 4 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव के चलते तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। ऐसे में मई के पहले दस दिनों के दौरान प्रदेश में भीषण लू चलने की संभावना फिलहाल कम जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों ने किसानों और आमजन को सलाह दी है कि वे बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहें, विशेषकर आंधी और बिजली गिरने की संभावनाओं के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतें।

संबंधित समाचार