प्रयागराज : युवती ने परिजनों पर लगाया उत्पीड़न का आरोप, शिकायत दर्ज, जानें क्या है पूरा मामला
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में एक महिला ने अपने ही परिजनों पर शादी न कराने, मानसिक उत्पीड़न और मारपीट का आरोप लगाते हुए सराय इनायत थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामले का एक 16 सेकंड का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार सराय इनायत थाना क्षेत्र के मनापुर गांव निवासी माधुरी पटेल (41) ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसके परिजन जानबूझकर उसकी शादी नहीं करा रहे हैं।
महिला का कहना है कि वह विवाह करना चाहती है, लेकिन जब भी कोई रिश्ता आता है, उसका भाई खर्च का हवाला देकर मना कर देता है। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि परिवार के लोगों ने उसकी हिस्सेदारी की जमीन भी अपने नाम करवा ली, लेकिन उसकी शादी के लिए आर्थिक सहयोग नहीं कर रहे हैं।
उसने पिता रामराज पटेल, माता विमला देवी, भाई राजेन्द्र पटेल, भाभी पूनम पटेल और बहन विद्या पटेल पर गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। महिला ने बताया कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से परिवार से अलग रह रही है और स्वयं छोटे-मोटे काम करके अपना भरण-पोषण कर रही है।
उसने आरोप लगाया कि परिजन उसे न तो आर्थिक मदद देते हैं और न ही खाने-पीने की व्यवस्था करते हैं। एक दिन कमरे में घुसकर उसके साथ मारपीट भी की गई। माधुरी पटेल ने पुलिस से अपील की है कि उसे न्याय दिलाया जाए और उसकी शादी किसी उपयुक्त व्यक्ति से कराई जाए, ताकि वह सम्मानपूर्वक जीवन जी सके।
महिला ने बताया कि वह स्नातक के साथ डीएलएड कर चुकी है और शिक्षक भर्ती के लिए सीटेट व टीईटी की परीक्षाएं भी दे रही है। थाना प्रभारी सराय इनायत संजय गुप्ता ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है, संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और उसके बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
