बाराबंकी : पत्नी की संदिग्ध मौत, आरोप से आहत पति ने दी जान, मासूम हुआ अनाथ

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार।  तालाब में डूबने से महिला की मौत को लेकर हत्या का आरोप लगने से आहत पति ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों घटनाएं एक घंटे के अंतराल में हुईं। पति ने सुसाइड नोट में अपना दर्द बयां किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरु कर दी है। 

जानकारी के अनुसार यह घटना कोतवाली क्षेत्र के हजरतपुर बिलौली गांव में शनिवार को हुई। यहां के दिव्यांग कुलदीप 30 का विवाह करीब दो वर्ष पूर्व थाना क्षेत्र के ग्राम कटघरा की निशा चौहान 27 से हुआ था। कुलदीप अपनी पत्नी के साथ जबकि उनकी मां दयावती व भाई दिवाकर अलग-अलग घरों में निवास करते हैं। बताया जा रहा कि कुलदीप कुछ दिनों से मां द्वारा दी गई जगह पर एक कोठरी की मरम्मत करा रहा था। इसी सिलसिले में शनिवार सुबह वह अपनी पत्नी निशा के साथ गांव के तालाब से मिट्टी लाने गया था।

cats

इसी दौरान निशा की तालाब में डूबकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। निशा की मौत की खबर पाते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और कुलदीप पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। यही नहीं मृतका के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर बहन की हत्या की आशंका भी जता दी। इसी बीच कुलदीप अचानक वहां से कहीं चला गया। करीब एक घंटे बाद फैली खबर ने सनसनी मचा दी। कुलदीप का शव उसके ही घर में ही रस्सी के सहारे फंदे से लटकता मिला। कोतवाल अमित भदौरिया के अनुसार शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। 

कुलदीप ने सुसाइड नोट में बयां किया दर्द

रस्सी से लटके शव के पास सुसाइड नोट मिला, जिसमें कुलदीप ने लिखा कि निशा के साथ क्या हुआ, उसे नहीं पता। तमाम झगड़े के बावजूद उसने निशा को कुछ नही कहा। अब छोटू कह रहे कि तुम इसकी मौत के जिम्मेदार हो। मैं यह कलंक लेकर नहीं जीना नहीं चाहता। बड़े भैया, मेरे बेटे व मां का ख्याल रखना। अम्मा मुझे माफ करना। आशंका है कि पत्नी की मौत का आरोप सीधे उसे पर मढ़ने से आहत कुलदीप ने मौत को गले लगा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अनाथ हुआ मासूम बालगोविंद

मृतक कुलदीप शारीरिक रूप से दिव्यांग लेकिन मेहनत-मजदूरी के साथ इलेक्ट्रिक कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। दंपती का एक 10 माह का पुत्र बालगोविंद है, जिसके सिर से एक ही घंटे में माता-पिता का साया उठ गया। ग्रामीणों के अनुसार, कुलदीप और उसकी पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

संबंधित समाचार