बाराबंकी : शालीमार में हाई प्रोफाइल चोरी पर गहराया रहस्य

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। सुरक्षा के लिहाज से हाईटेक माने गए शालीमार पैराडाइज आवासीय परिसर में ठेकेदार के घर से चोरी के दूसरे दिन पुलिस की जांच किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। पुलिस यह तो मान रही कि किसी करीबी ने ही चोरी को अंजाम दिया है पर उस शख्स का चेहरा सामने नहीं आ सका है। पुलिस की जांच हर पहलू पर जारी है, शीघ्र खुलासे का दावा किया जा रहा।  

बताते चलें कि देवरिया जिले के अहरौली क्षेत्र के रहने वाले ठेकेदार अजय बघेल शालीमार पैराडाइज में किराए के विला में रहते हैं। वह गत 9 अप्रैल को परिवार के साथ गोरखपुर स्थित दूसरे घर गए हुए थे। गुरुवार की दोपहर वह शालीमार लौटे और अंदर जाने पर आलमारी के लाकर टूटे व कीमती सामान गायब मिला। गायब सामान में एक करोड़ के जेवर, एक लाख रुपये नकद व लाइसेंसी पिस्टल शामिल थी।

इस हाईप्रोफाइल चोरी की खबर आग की तरह फैली और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर सीओ सिटी संगम कुमार व क्राइम ब्रांच टीम भी पहुंची और गहन निरीक्षण हुआ। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। यह भी पता चला कि अजय बघेल ने अपने चालक को घर की चाबी दी हुई थी। 

सुरक्षा के लिहाज से इस हाईटेक इलाके में इतनी बड़ी घटना सुरक्षा इंतजामों पर सवालिया निशान लगा रही। उधर पुलिस को सीसीटीवी की पड़ताल से भी कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस की जांच हर पहलू पर जारी है और चालक से लेकर हर संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछतांछ की जा रही, पर जांच कोई दिशा तय नहीं कर सकी है।

अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि घटनाक्रम किसी करीबी के द्वारा ही इस चोरी काे अंजाम देने का इशारा कर रहा है पर अभी संदिग्धों से पूछताछ व पुलिस की जांच जारी है। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

संबंधित समाचार