UP: फिल्मी अंदाज में कूलरों से लदी पिकअप लूटी, बदमाश चालक को झांसा देकर फरार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

संभल/ओबरी। संभल जनपद के असमोली थाना क्षेत्र में अमरोहा से बहजोई जा रही कूलरों से लदी महिन्द्रा पिकअप गाड़ी को कार सवार बदमाश फिल्मी अंदाज में लूट ले गए। बदमाशों ने चालक को कूलर गिरने की आवाज बताकर गाड़ी रुकवाई और जैसे ही चालक नीचे उतरकर रस्सी कसने लगा, उसी दौरान बदमाश पिकअप लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए बदमाशों की तलाश में जुट गई है।

गाड़ी चालक शाहिद हुसैन ने बताया कि वह अमरोहा में आनंद पिक्चर हॉल के पास रहने वाले मोहम्मद शाकिर के यहां से महिन्द्रा पिकअप (नंबर UP 23 T 5155) में करीब 20 कूलर लादकर संभल जिले के बहजोई स्थित अगस फर्नीचर के मालिक मुकुल के यहां लेकर जा रहा था।

सोमवार तड़के करीब 4:30 बजे जब वह संभल-जोया मार्ग पर स्थित मीत बिक्र बर्क ईंट भट्ठे के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रही एक शिफ्ट कार में सवार तीन-चार बदमाशों ने आवाज लगाई कि उसकी गाड़ी से कूलर गिर रहा है। यह सुनकर चालक ने गाड़ी रोक दी। चालक के अनुसार वह नीचे उतरकर कूलरों की रस्सी कसने लगा, तभी बदमाशों में से एक पिकअप में बैठ गया और कूलरों समेत गाड़ी लेकर मनोटा की ओर फरार हो गया। चालक कुछ दूर तक शोर मचाते हुए गाड़ी के पीछे दौड़ा, लेकिन बदमाश तेज रफ्तार से भाग निकले।

इसके बाद चालक पास के ईंट भट्ठे पर पहुंचा और वहां मौजूद एक व्यक्ति का मोबाइल लेकर डायल 112 पर कॉल करने का प्रयास किया। कॉल न लगने पर उसने घटना की जानकारी कूलर के मालिक मोहम्मद शाकिर को दी, जो मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पीड़ित को साथ लेकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए बदमाशों की तलाश में जुट गई है।

संबंधित समाचार