आपके स्कूल कभी भी पहुंच सकते हैं सीएम योगी, इन 10 बिंदुओं का हमेशा रखें ध्यान

Amrit Vichar Network
Edited By Ateeq Khan
On

अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा ने सभी जेडी, एडी, डीआईओएस और बीएसए को भेजा पत्र

लखनऊ, अमृत विचार : माध्यमिक और बेसिक विद्यालयों को शिक्षा की गुणवत्ता, शिक्षकों के व्यवहार, अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और सामाजिक गतिविधियों समेत 10 बिंदुओं पर हमेशा दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ या संबंधित मंत्री कभी भी किसी राजकीय इंटर कॉलेज, प्राथमिक या उच्च प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण कर सकते हैं। अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने इस संबंध में सभी जेडी, एडी, डीआईओएस और बीएसए को पत्र भेजा है।

प्रदेश भर में प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों की तैयारियों, अवस्थापना सुविधाओं और छात्रों के पठन-पाठन का जायजा लिया जाएगा। निरीक्षण में मिलने वाली कमियों को दूर करने के साथ आवश्यक नीतियां भी बनाई जाएंगी। अपर मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण में कमी मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। अधिकारियों को कागजों के बजाय धरातल पर मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।

इन बिंदुओं पर विशेष नजर रखी जाएगी- विद्यालय में अनुशासन और गाइडलाइंस का पालन, शिक्षा की गुणवत्ता व छात्रों का लर्निंग लेवल, भवन व प्रयोगशालाओं की स्थिति, शौचालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं, खेलकूद व अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां, करियर काउंसिलिंग, शिक्षकों का व्यवहार, विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा का माहौल, सामाजिक गतिविधियों में सहभागिता और शासन के कार्यक्रमों का अनुपालन।

संबंधित समाचार