कानपुर : होमगार्ड भर्ती परीक्षा में नकल कराने के संगठित प्रयास का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर। कानपुर में बीएनएसडी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर होमगार्ड भर्ती लिखित परीक्षा की दूसरी पाली में ड्यूटी के दौरान तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता से नकल कराने के एक सुनियोजित षड्यंत्र का भंडाफोड़ किया गया। पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल अतुल श्रीवास्तव ने रविवार को बताया कि शनिवार को परीक्षा के दौरान एक इन्विजिलेटर को संदिग्ध अवस्था में वॉशरूम की ओर जाते देख रोककर तलाशी ली गई, जिसके दौरान उसके पास से प्रश्नपत्र बुकलेट बरामद हुई जिसे उसने छिपाकर रखा था। 

पूछताछ में ज्ञात हुआ कि वह एक अन्य इन्विजिलेटर एवं कॉलेज के एक केमिस्ट्री लेक्चरर के साथ मिलकर परीक्षा में नकल कराने की योजना में संलिप्त था। पुलिस जांच में पाया गया कि आरोपियों द्वारा पूर्व नियोजित रूप से एक कक्ष में मोबाइल एवं प्रिंटर की व्यवस्था कर प्रश्नपत्र हल कराकर उसकी प्रतिलिपि तैयार की जा रही थी तथा अनुपस्थित अभ्यर्थी की ओएमआर शीट भरकर उसे अनुचित लाभ दिलाने की योजना थी। कॉलेज के संबंधित लेक्चरर द्वारा आवश्यक संसाधन एवं कक्ष उपलब्ध कराया गया था। 

उन्होने बताया कि इस मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना कर्नलगंज पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। प्रकरण की विवेचना प्रचलित है तथा अन्य संभावित संलिप्तताओं/तकनीकी साक्ष्यों का संकलन कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। घटना का समय रहते खुलासा कर गंभीर परीक्षा अनियमितता को रोकने वाले सतर्क पुलिसकर्मियों को पुलिस आयुक्त द्वारा पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।  

संबंधित समाचार