पीएम मोदी ने दीं अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं, कहा- देश को प्रेरित करती हैं 'नारी शक्ति' की उपलब्धियां

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रविवार को देश भर की महिलाओं को बधाई दी और भारत के विकास में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि 'नारी शक्ति' की उपलब्धियां देश को प्रेरित करती हैं और एक विकसित भारत की ओर इसके सफ़र को मज़बूत करती हैं।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर किये गये सिलसिलेवार पोस्ट में कहा कि महिलाएं सभी क्षेत्रों में बदलाव लाने वाली भूमिका निभा रही हैं और देश की तरक्की के केंद्र में हैं। उन्होंने लिखा, "अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मैं हमारी सभी नारी शक्ति को बधाई देता हूं। हर क्षेत्र में महिलाएं पक्के इरादे, रचनात्मकता और बेमिसाल जोश के साथ भारत की तरक्की को आकार दे रही हैं। उनकी उपलब्धियां हमारे देश को प्रेरित करती हैं और विकसित भारत बनाने के हमारे सामूहिक इरादे को मज़बूत करती हैं।" ‎‎

पीएम मोदी ने महिला सशक्तिकरण पर सरकार के ध्यान का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले दस सालों में शुरू की गई कई पहल और योजनाओं का मकसद अवसरों को बढ़ाना और महिलाओं को उनकी पूरी क्षमता का एहसास कराना है। उन्होंने कहा, "महिलाओं का सशक्तिकरण हमारी अलग-अलग योजनाओं और पहलों का मुख्य हिस्सा है। हम ऐसे मौके बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं जिनसे हर महिला अपनी पूरी क्षमता का एहसास कर सके और भारत के विकास के सफ़र में योगदान दे सके।" 

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा कि देश भर में महिलाओं की उपलब्धियां भारत के भविष्य को आकार दे रही हैं। श्री मोदी ने लिखा, "भारत की नारी शक्ति की उपलब्धियां गर्व का विषय हैं और राष्ट्र निर्माण में बदलाव लाने वाली भूमिका की एक मज़बूत याद दिलाती हैं। जैसे-जैसे भारत आगे बढ़ेगा, महिलाओं की उम्मीदें और योगदान एक मज़बूत और खुशहाल देश की ओर हमारी सामूहिक यात्रा को प्रोत्साहित करते रहेंगे।" 

प्रधानमंत्री ने जमीनी स्तर पर महिलाओं की सफलता की कहानियों को दिखाने वाला एक वीडियो शेयर करते हुए नये भारत की नारी शक्ति हैशटैग का इस्तेमाल करके लिखा, "यह पिछले एक दशक में जमीनी स्तर पर महिलाओं की ज़िंदगी कैसे बदली है, इसकी एक झलक दिखाता है।" केंद्र सरकार ने हाल के सालों में महिलाओं के सशक्तिकरण पर केन्द्रित कई कार्यक्रम शुरू किये हैं, जिनमें वित्तीय समावेशन, उद्यमिता, स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वच्छता से जुड़े पहलें शामिल हैं। सरकार ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी, शासन और सशस्त्र बल जैसे क्षेत्रों में भी महिलाओं की भागीदारी पर ज़ोर दिया है। 

उल्लेखनीय है कि हर साल दुनिया भर में आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के तौर पर मनाया जाता है। इसे महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक उपलब्धियों का जश्न मनाने के साथ ही दुनिया भर में महिलाओं के लिए लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के तौर पर मनाया जाता है।  

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

महिला दिवस पर दिल्ली को 33,500 करोड़ की सौगात : पीएम मोदी बोले- आपदा सरकार ने रोकी थी दिल्ली की विकास यात्रा
JDU में शामिल हुए निशांत कुमार : बिहार की सक्रिय राजनीति में किया पदार्पण, पिता नीतीश को लेकर कही यह बड़ी बात
पारिवारिक कलह का खौफनाक अंत : महराजगंज में पत्नी से परेशान पति ने दो बच्चों संग फंदा लगाकर दी जान, इलाके में सनसनी
प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली के सरोजिनी नगर में महिला लाभार्थियों को सौंपी जीपीआरए फ्लैट्स की चाबियां
T20 World Cup : फाइनल से पहले UP में चरम पर क्रिकेट का ताप, टीम इंडिया की हौसलाफजाई के लिये कहीं पूजा पाठ तो कहीं मैराथन दौड़