महिला दिवस पर महिलाओं ने 'लखनऊ दर्शन' बस से की सैर, ऐतिहासिक स्थलों का किया भ्रमण
लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रविवार को उत्तर प्रदेश स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कारपोरेशन द्वारा संचालित 'लखनऊ दर्शन' डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस में महिलाओं के लिए विशेष सैर का आयोजन किया गया। सैर के दौरान 60 से अधिक महिलाओं ने भाग लेकर शहर के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। इस विशेष यात्रा में डॉक्टर, उद्यमी, प्राचार्य, सामाजिक कार्यकर्ता, इंजीनियर और गृहणियों सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाएं शामिल हुईं।
रविवार सुबह करीब 8:30 बजे शुरू हुई यह यात्रा दोपहर लगभग 12 बजे संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने विधानसभा भवन, रेजीडेंसी सहित शहर के कई ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। यात्रा के दौरान गाइड ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना उदा देवी की वीरता की कहानी भी सुनाई, जिसने महिलाओं को इतिहास के गौरवशाली अध्याय से रूबरू कराया।
यात्रा में शामिल डॉ. अनन्या शर्मा ने कहा कि डॉक्टर होने के कारण उनका अधिकांश समय अस्पताल की जिम्मेदारियों में बीत जाता है, लेकिन इस यात्रा ने उन्हें अपने शहर की खूबसूरती को करीब से देखने और कुछ सुकून के पल बिताने का अवसर दिया। वहीं प्रतिभागी कविता सिंह ने कहा कि इस अनुभव ने उन्हें नई ऊर्जा और उम्मीद दी।
एएमयू एसोसिएशन की महासचिव शाला हक़ ने भी इस यात्रा को यादगार बताते हुए कहा कि गाइडेड टूर के दौरान लखनऊ के इतिहास और प्रमुख स्थलों से जुड़ी कई नई जानकारियां मिलीं। यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यूपीएसटीडीसी की 'लखनऊ दर्शन' बस सेवा अब केवल पर्यटन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज को जोड़ने का एक माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यह पहल 'नारी शक्ति' को समर्पित है और महिलाओं के स्वास्थ्य, आत्मसम्मान और सशक्तिकरण का संदेश देती है।
