Bareilly:खराब फीडबैक पर 14 अफसरों से जवाब तलब, डीएम आईजीआरएस की शिकायतों पर सख्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जनता की समस्याओं के समाधान में हीलाहवाली करना अधिकारियों पर भारी पड़ गया। आईजीआरएस पोर्टल और हेल्पलाइन पर शिकायतों की समीक्षा में 1 अप्रैल से 21 अप्रैल के बीच कई विभागों का रिपोर्ट कार्ड बेहद शर्मनाक रहा। इस लापरवाही को शासन की मंशा के विपरीत मानते हुए डीएम ने 14 अधिकारियों को न केवल कारण बताओ नोटिस थमाया है, बल्कि कार्यशैली में सुधार न होने पर अगली बार वेतन रोकने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।

कार्यवाही की इस फेहरिस्त में आवास विकास, सिंचाई, वाणिज्य कर, चकबंदी, खेलकूद, खाद्य एवं विपणण विभाग के नाम शामिल हैं। इसके अलावा बहेड़ी के चिकित्सा व निबंधन विभाग, फतेहगंज पूर्व के बाल विकास परियोजना, कृषि विभाग (भूमि संरक्षण), नगर निगम के जलकल विभाग और भोजीपुरा के सहायक विकास अधिकारी को भी स्पष्टीकरण के दायरे में लाया गया है।

 इन अधिकारियों की ओर से निस्तारित शिकायतों पर जनता ने असंतोष व्यक्त किया। जिसे गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए डीएम ने हिदायत दी है अधिकारी कागजी खानापूर्ति बंद क व्यक्तिगत रूप से फाइलों की समीक्षा कर गुणवत्तापूर्ण समाधान करें। जनसुनवाई के मामलों में शिथिलता अक्षम्य होगी। यदि सुधार नहीं दिखा, तो अगली बार स्पष्टीकरण नहीं सीधे कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार