अयोध्या से मुंबई तक चलेगी अमृत भारत ट्रेन: वाराणसी में PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी, पर्यटन-रोजगार को बढ़ावा

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता के प्रयासों से रामनगरी से मुंबई के बीच आधुनिक सुविधाओं से युक्त अमृत भारत एक्सप्रेस (संख्या 22111/22112) का संचालन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल मंगलवार को वाराणसी में वाराणसी-पुणे-वाराणसी अमृत भारत ट्रेन के साथ अयोध्या कैंट-लोकमान्य तिलक टर्मिनल-अयोध्या कैंट अमृत भारत ट्रेन को वर्चुअल रूप से हरी झंडी दिखाएंगे। इस नई रेल सेवा से यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इस संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पत्र लिखकर विधायक को औपचारिक जानकारी दी है।

विधायक ने बताया कि यह ट्रेन समय की बचत के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा देगी। अयोध्या-मुंबई की कनेक्टिविटी बढ़ेगी। कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में रेल सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है और अयोध्या जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल को देश के प्रमुख महानगरों से जोड़ने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। विधायक ने अयोध्या के संत-महंत व आमजन की ओर से इसके लिए प्रधानमंत्री व रेल मंत्री का आभार जताते हुए इसे क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी सौगात बताया।

भाजपा मीडिया प्रभारी अमित मिश्र ने बताया कि वाराणसी से दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह ट्रेन साप्ताहिक रूप से संचालित की जाएगी। सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि जल्द ही रेगुलर टाइम टेबल जारी होगा।

अयोध्या से प्रयागराज होते हुए जाएंगी मुबंई

-ट्रेन संख्या 22112 अयोध्या कैंट-लोकमान्य तिलक टर्मिनल अयोध्या कैंट से चलकर सुल्तानपुर, प्रयागराज, सतना, जबलपुर, इटारसी, भुसवल, जलगांव, नासिक रोड, कल्याण व थाने होते हुए लोकमान्य टर्मिनल पहुंचेगी। इसमें डाइनिंग हॉल वाले एलएसएलआरडीपीपी के दो कोच समेत कुल 22 कोच होंगे। जानकारी के अनुसार इस ट्रेन का संचालन प्रत्येक मंगलवार को होगा। फिलहाल जल्द ही इस ट्रेन की स्थायी समय सारणी जारी की जाएगी।

 

संबंधित समाचार