टी-20 विश्व कप : टीम इंडिया की जीत पर सूर्य कुमार यादव के गांव में मना जश्न, दादा की आंखों से निकले खुशी के आंसू

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

गाजीपुर। भारत के तीसरी बार और लगातार दूसरी बार टी-20 विश्व कप विजेता बनने पर पूरे देश में जश्न का माहौल रहा। इसी क्रम में भारतीय टीम के कप्तान सूर्य कुमार यादव के गृह जनपद गाजीपुर में भी लोगों ने अबीर-गुलाल उड़ाकर जीत का जश्न मनाया।

गौरतलब है कि सूर्य कुमार यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले की सैदपुर तहसील क्षेत्र के हथौड़ा गांव के निवासी हैं, जहां उनके दादा और अन्य परिजन रहते हैं। रविवार देर शाम टी-20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले में भारत की जीत के बाद पूरे जनपद में खुशी का माहौल बन गया। हथौड़ा गांव में ग्रामीणों और परिजनों ने बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर मैच का फाइनल मुकाबला देखा। 

भारत की जीत के बाद गांव में लोगों ने अबीर-गुलाल उड़ाकर जश्न मनाया और भारत माता की जय के नारे लगाए। जीत के बाद जब सूर्य कुमार यादव ने पिच की मिट्टी माथे पर लगाई तो उनके दादा विक्रम यादव भावुक होकर रो पड़े। गांव में खुशी और भावुकता का अनोखा दृश्य देखने को मिला, जहां लोग जश्न मना रहे थे, वहीं परिजन गर्व और खुशी से भावुक नजर आए। 

संबंधित समाचार