स्वच्छ भारत मिशन में यूपी का बड़ा कीर्तिमान, 100 ओडीएफ प्लस राज्य बना

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत बड़ा कीर्तिमान स्थापित करते हुए 100 प्रतिशत ओडीएफ प्लस राज्य का दर्जा हासिल कर लिया है। प्रदेश सरकार के प्रयासों और ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी से ग्रामीण स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज की गई हैं।

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के प्रथम चरण में प्रदेश को पहले ही 100 प्रतिशत ओडीएफ घोषित किया जा चुका है। इस चरण के तहत प्रदेश में 2.74 करोड़ से अधिक व्यक्तिगत शौचालयों (इज्जत घर) का निर्माण कराया गया, जिससे उत्तर प्रदेश देश में सर्वाधिक शौचालय निर्माण करने वाला राज्य बनकर उभरा है।

योजना के दूसरे चरण में ओडीएफ की स्थिति को स्थायी बनाए रखने के साथ स्वच्छता व्यवस्थाओं को और मजबूत किया गया है। वर्तमान में 95,767 गांवों में ठोस और तरल अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था के साथ उन्हें ओडीएफ घोषित किया गया है, जबकि 94,723 से अधिक गांवों को ओडीएफ प्लस का दर्जा मिल चुका है।

प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में सरकार ग्रामीण स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। शौचालय निर्माण के साथ उनके नियमित उपयोग, ठोस व तरल अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की ग्राम पंचायतें स्वच्छता के क्षेत्र में देश के लिए प्रेरणा बन रही हैं।

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के द्वितीय चरण के तहत अब तक 57,25,291 व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 59,165 सामुदायिक शौचालय भी बनाए गए हैं। पंचायती राज विभाग के निदेशक अमित कुमार सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायतों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से प्रदेश ने स्वच्छता के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है। विभाग का लक्ष्य अब अधिक से अधिक ग्राम पंचायतों को ओडीएफ प्लस श्रेणी में शामिल कर स्वच्छता को स्थायी आदत बनाना है।

संबंधित समाचार