May Weather: उत्तर भारत में होगी झमाझम बारिश, केरल और राजस्थान में ऑरेंज अलर्ट, जानिए यूपी-दिल्ली के मौसम का हाल

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे दो दिन पहले हल्की से मध्यम बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई थी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले दो दिन बारिश और आंधी-तूफान की संभावना को देखते हुए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। शहर के प्रमुख मौसम निगरानी केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इससे पहले के दिन की तुलना में 3.1 डिग्री अधिक है और सामान्य तापमान से 1.2 डिग्री अधिक है। अन्य मौसम स्टेशन ने भी न्यूनतम तापमान में इसी तरह की वृद्धि दर्ज की।

पालम में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शुक्रवार की तुलना में 2.3 डिग्री अधिक है; लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में तीन डिग्री अधिक है; रिज में 3.3 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई और आयानगर में 4.2 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। रिज और आयानगर में न्यूनतम तापमान क्रमशः 23.7 डिग्री सेल्सियस और 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। 

आईएमडी के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस बीच, मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, "विवार को गरज, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है।।" उन्होंने बताया कि सोमवार को भी ऐसी ही स्थिति बनी रहने की संभावना है। 

इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शहर में वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बनी रही और सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 119 दर्ज किया गया। शुक्रवार शाम चार बजे तक दर्ज किया गया 24 घंटे का औसत एक्यूआई 120 था। सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है। दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली ने पूर्वानुमान लगाया है कि अगले कुछ दिनों तक एक्यूआई मध्यम श्रेणी में रहेगा। 

 यूपी के लखनऊ में मामूली सा बढ़ा पारा, गर्मी से राहत

शहर में गुरुवार रात बारिश से शुक्रवार को भी मौसम में बदलाव रहा। पारा में मामूली सी बढ़ोतरी हुई लेकिन, गर्मी से राहत रही। धूप में भी तेजी नहीं रही। इससे तपिश कम रही। ग्रामीण इलाकों में भी लोगों ने राहत महसूस की। रात तेज बारिश से पारा घटकर 31 डिग्री के आसपास पहुंच गया। इससे मौसम में ठंडक रही और कई दिन से बढ़ते तापमान से राहत की सांस महसूस की। दूसरे दिन भी मौसम ठीक रहा। 

दोपहर का पारा 32 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया, लेकिन गर्मी व तपिश कम रही। अवकाश का दिन होने के कारण लोग घरों से कम निकले और सड़कों पर सन्नाटा रहा। धूप भी चटक नहीं निकली। शाम को भी मौसम ठीक रहा। हालांकि शनिवार को पारा में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। मौसम को देखते हुए ग्रामीण इलाकों में गेहूं की कटाई से लेकर अन्य काम किसानों व बागवानों ने निपटाए।

आंधी से आम को फिर नुकसान

गुरुवार रात आंधी से मलिहाबाद, काकोरी और माल में आम की फसल को फिर नुकसान पहुंचा। तेज हवा से पेड़ों पर आए फल गिर गए। इससे बागवानाें की चिंता और बढ़ गई। पैदावार इस बार काफी हम होने की संभावना जताई। मलिहाबाद के बागवान सचिन यादव का कहना है कि आंधी से आम को नुकसान पहुंचा है। बारिश से कीट-रोग का प्रकोप बढ़ेगा। बागवान मोहसिन खान ने बताया कि बारिश से आम के आकर में वृद्धि होगी। इस समय बागों को पानी की जरूरत होती है। जो बारिश से पूरी हो गई है। लेकिन, आंधी ने पैदावार घटा दी है। वरिष्ठ कृषि विज्ञानी डॉ. अखिलेश कुमार दुबे ने बताया कि ये बारिश आम और अन्य फसलों के लिए फायदेमंद है। बढ़ते तापमान को देखते हुए फसलों को सिंचाई की जरूरत है।

राजस्थान: जयपुर सहित कई जगह तेज आंधी एवं बारिश 

पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण जयपुर समेत राजस्थान में कई स्थानों पर शनिवार सुबह तेज आंधी आई और बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में दोपहर बाद भी तेज आंधी एवं बारिश जारी रहने की संभावना है। विभाग ने बताया कि जयपुर एवं सीकर सहित कई जिलों में शनिवार सुबह अचानक मौसम बदल गया तथा धूल भरी तेज आंधी चली एवं हल्की बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। 

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, लगातार आंधी चलने, बूंदाबांदी एवं बारिश से राज्य में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस गिरावट आई है। अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 41-43 डिग्री दर्ज किया जा रहा है जो औसत सामान्य तापमान के आसपास है। मौसम केंद्र के अनुसार, एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने तथा बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभाव से राज्य में आगामी तीन-चार दिन 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है और कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश हो सकती है।

तमिलनाडु में ऊष्ण लहर जारी रहने की संभावना 

तमिलनाडु तथा पुडुचेरी के तटीय इलाकों में अत्यधिक आर्द्रता और सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक तापमान रहने के कारण पांच मई तक ऊष्ण लहर जारी रहने की संभावना है। चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन में अनुमान जताया गया है कि राज्य के चेन्नई (मीनाम्बक्कम), इरोड, करूर, नागपट्टिनम और वेल्लोर जिलों में तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहेगा। इसी तरह चेन्नई (नुंगमबक्कम), कोयंबटूर, कुड्डालोर, धर्मपुरी, कन्याकुमारी, कराईकल, डिंडीगुल, मदुरै, पुडुचेरी, सेलम और तिरुचिरापल्ली जिलों में भी तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस से तीन डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहने का अनुमान है। 

तमिलनाडु में शुक्रवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान (42.4 डिग्री सेल्सियस) वेल्लोर में दर्ज किया गया, जो 108.32 डिग्री फॉरेनहाइट के बराबर है। पहाड़ी इलाकों में उदगमंडलम में सबसे कम न्यूनतम तापमान (12.2 डिग्री सेल्सियस) दर्ज किया गया। राज्य के 15 से अधिक जिलों में तापमान 100 डिग्री फॉरेनहाइट से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि शनिवार से चार मई तक नीलगिरि, थेनी, इरोड, सलेम, नमक्कल और डिंडीगुल जिलों में कहीं-कहीं गरज, बिजली चमकने तथा तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। तिरुनेलवेली के ऊथु में पिछले 24 घंटे में आठ सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। 

केरल में आईएमडी ने जारी किया 'ऑरेंज अलर्ट' 

केरल के विभिन्न भागों में शनिवार को भारी बारिश हुई, जिसके बाद भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के चार जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया। आईएमडी ने एर्नाकुलम, त्रिशूर, इडुक्की और मलप्पुरम जिलों के लिए अपराह्न ढाई बजे से तीन घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने इन जिलों के विभिन्न हिस्सों में बिजली गरजने और 50 किलोमीटर प्रतिघंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। 

आईएमडी ने इस सप्ताह की शुरुआत में तीन मई तक राज्य के कुछ हिस्सों में 40–50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली की गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान जताया था। 'ऑरेंज अलर्ट' 11 से 20 सेंटीमीटर तक यानी बहुत भारी बारिश होने के अनुमान के मद्देनजर जारी किया जाता है। इस बीच, केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) ने बताया कि शनिवार अपराह्न एक बजे तक राज्य में पराबैंगनी (यूवी) विकिरण का स्तर काफी ऊंचा दर्ज किया गया। केएसडीएमए के अनुसार, पथनमथिट्टा के कोन्नी और मुन्नार में यूवी स्तर 8 से अधिक दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें:
34 साल पुरानी अमेरिकी एयरलाइंस स्पिरिट हुई बंद: तत्काल प्रभाव से सभी उड़ानें रद्द, 17,000 कर्मचारियों की नौकरी पर संकट
थॉमस कप नहीं खेलेंगे बैडमिंटन स्टार लक्ष्य : सेमीफइनल से पहले भारत के लिए आई बुरी खबर, जानिए वजह

 

 

संबंधित समाचार