UP: मारपीट के बाद युवक ने फंदा लगाकर दी जान, प्लॉट को लेकर था विवाद
संभल, अमृत विचार। गुन्नौर तहसील क्षेत्र के गांव में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट के बाद युवक ने फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना जुनावई क्षेत्र के गांव नंदपुर में सोमवार दोपहर डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई कि अशोक यादव (32) का शव उसके घर में फंदे से लटका है। पुलिस जब तक गांव पहुंची, तब तक परिजन युवक के शव को फंदे से उतार चुके थे। परिजन जिंदगी की आस में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि अशोक की मां कमलिया और गांव निवासी नवाब सिंह के बीच करीब 450 गज के प्लॉट को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है।
आरोप है कि सोमवार को जमीन की नींव खोदने के दौरान विवाद शुरू हुआ। एक पक्ष जमीन की बुनियाद खोद रहा था जबकि दूसरा पक्ष विरोध कर रहा था। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। परिजनों का आरोप है कि नवाब सिंह पक्ष के दबंगों ने अशोक यादव के साथ मारपीट की, जिससे आहत होकर उसने घर जाकर फंदा लगा कर जान दे दी। परिवार के लोगों का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की और एक नाबालिग के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें प्लॉट पर विवाद और हाथापाई होती दिखाई दे रही है।
मृतक के भाई अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि नवाब सिंह ने उसके भाई अशोक के साथ मारपीट की थी। इसी से आहत होकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के समय पुलिस ने उनके परिवार के तीन लोगों को थाने में बैठा लिया था और अशोक घर पर अकेला था। वहीं थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि वर्ष 2018 में अशोक की मां द्वारा प्लॉट नवाब सिंह को बेचा गया था। अब कब्जे को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है। कभी अशोक के परिवार के लोग वहां पशु बांध देते थे तो कभी किसी अन्य बात को लेकर झगड़ा हो जाता था। बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। बताया कि मामले कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
