जौनपुर में UP SI भर्ती परीक्षा: 14-15 मार्च को दो पालियों में होगी परीक्षा, DM ने दी सख्त सुरक्षा के निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

जौनपुरः उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिला में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों के लिए 14 मार्च और 15 मार्च को क्रमश: दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। 

इस संबंध में के जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में मंगलवार की देर शाम बैठक हुई, जिसमें जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं। 

चन्द्र ने बैठक में बताया कि परीक्षा के लिए जनपद में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न तीन बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होगी। 

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखा जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
 
परीक्षा के सफल संचालन के लिए जनपद में 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 19 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 19 केंद्र व्यवस्थापक एवं लगभग 700 कक्ष निरीक्षक की तैनाती की जा चुकी है। प्रत्येक पाली में 7920 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे। 

संबंधित समाचार