श्री काशी विश्वनाथ धाम में खास इंतजाम : गर्मी में श्रद्धालुओं को नहीं सतएगी चिलचिलाती धूप, लगाए गए जर्मन हैंगर
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बढ़ती गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। इसी क्रम में, दर्शनार्थियों को चिलचिलाती धूप और तपिश से राहत दिलाने के उद्देश्य से परिसर में जर्मन हैंगर लगाए गए हैं, ताकि कतार में अपनी बारी की प्रतीक्षा कर रहे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, इन व्यवस्थाओं के माध्यम से श्रद्धालु बिना किसी कष्ट के बाबा विश्वेश्वर का सुगमतापूर्वक दर्शन कर सकेंगे। ग्रीष्म ऋतु के प्रारंभ के साथ ही श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और लंबी कतारों की संभावना को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया गया है कि कतार में खड़े बच्चों और बुजुर्गों को आरामपूर्वक प्रतीक्षा करने में कोई कठिनाई न हो। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित दर्शन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
