थाईलैंड के फुकेट में टला बड़ा हादसा: एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान निकला एअर इंडिया एक्सप्रेस का पहिया, सभी यात्री सुरक्षित 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मुंबई। एयर इंडिया एक्सप्रेस के बोइंग 737 मैक्स विमान ने बुधवार को फुकेट हवाई अड्डे पर 'हार्ड लैंडिंग' की जिससे उसके आगे के दोनों पहिए अलग हो गए। एक वरिष्ठ डीजीसीए अधिकारी ने यह जानकारी दी। विमान वीटी-बीडब्ल्यूक्यू की उड़ान आईएक्स938 हैदराबाद से फुकेट के लिए रवाना हुई थी। अधिकारी ने बताया कि यात्रियों को विमान से उतारकर टर्मिनल भवन ले जाया गया और कोई घायल नहीं हुआ है। 

बोइंग 737-मैक्स 8 में सवार यात्रियों की संख्या का तुरंत पता नहीं लगाया जा सका। अधिकारियों के अनुसार, रनवे पर विमान के फंसे होने के कारण हवाई अड्डे का संचालन अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है और विमान को खींचकर बे (हवाई अड्डे का वह हिस्सा जहां विमान को खड़ा किया जाता है) की ओर ले जाया गया है। 

एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने कहा कि फुकेट हवाई अड्डे पर विमान के आगे के पहिए में खराबी आ गई थी और चालक दल ने सभी मानक प्रोटोकॉल का पालन किया व यात्रियों को विमान से उतार लिया गया। डीजीसीए के अधिकारी ने बताया कि विमान ने फुकेट हवाई अड्डे के रनवे 9 पर संदिग्ध रुप से 'हार्ड लैंडिंग' की, जिससे वह उछल गया। 

विमानन की भाषा में 'हार्ड लैंडिंग' आमतौर पर अनजाने में हुई ऐसी लैंडिंग को कहा जाता है, जिसमें विमान अत्यधिक ऊर्ध्वाधर गति और जोर के साथ जमीन से टकराता है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अधिकारी ने कहा, "विमान रनवे पर फंस गया है, उसके आगे के दोनों पहिये अलग हो गए हैं।" 

उन्होंने कहा कि थाईलैंड के विमानन अधिकारियों से परामर्श के बाद संबंधित प्राधिकरण द्वारा जांच की जाएगी। अधिकारी ने बताया कि नियमित रखरखाव के तहत आठ मार्च को विमान के आगे के दोनों पहिए बदले गए थे।

ये भी पढ़ें :
छत्तीसगढ़ में 108 नक्सलियों का आत्मसमर्पण: सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता, हर एक पर था 8 लाख का इनाम 

 

संबंधित समाचार