दीपिका नागर हत्याकांड : पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, नवविवाहिता के शरीर पर मिले कई जख्म, विसरा सुरक्षित

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में जलपुरा गांव (ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र) में नवविवाहिता दीपिका नागर की संदिग्ध मौत का मामला गहराता जा रहा है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आए खुलासों ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।

रिपोर्ट में दर्ज मुख्य चोटें इस प्रकार हैं:
  1. दाहिने चेहरे पर लगभग 12 सेंटीमीटर लंबी सूजन।
  2. बाईं कोहनी और बाएं हाथ पर गहरी चोटें।
  3. दाहिनी जांघ पर करीब 38 सेंटीमीटर लंबा गहरा नीला दबाव चिन्ह।
  4. बाएं घुटने पर हड्डी तक गहरा घाव।
  5. कमर और पेट के निचले हिस्से में चोट के निशान।
  6. दाहिने इलियक क्रेस्ट के ऊपर बड़ा गोलाकार कंट्यूजन (चोट का निशान)।
  7. दोनों हाथों के चारों ओर चोट के निशान।
  8. बाएं कान से रक्तस्राव।
  9. सीने और पेट की बाईं तरफ दबाव तथा घर्षण के गहरे निशान।
आंतरिक चोटें:
  1. मस्तिष्क के मध्य और बाईं ओर हेमेटोमा (रक्त का थक्का)।
  2. तिल्ली (स्प्लीन) फटी हुई मिली।
  3. बाईं किडनी पीली अवस्था में पाई गई।
  4. शरीर के विभिन्न हिस्सों में अंदरूनी रक्तस्राव।
  5. हृदय के चैंबर खाली पाए गए।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि शरीर पर मिली ये गंभीर बाहरी और आंतरिक चोटें भारी आघात (heavy trauma) की ओर इशारा करती हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि मस्तिष्क में हेमेटोमा और तिल्ली का फटना हिंसक हमले का परिणाम हो सकता है। विसरा (अंगों के नमूने) को सुरक्षित रखकर विषैले पदार्थों की जांच के लिए भेज दिया गया है।

दीपिका की मां सरोज नागर ने बताया कि परसों रात करीब 1 बजे ससुराल पक्ष से सूचना मिली कि उनकी बेटी छत से गिर गई है। उन्होंने यह नहीं बताया कि बेटी कैसे गिरी या असल घटना क्या थी। जब पूछा गया तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। सरोज नागर ने आरोप लगाया कि पिछले आठ महीनों से उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव के पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

संबंधित समाचार