Bareilly News: वकीलों के खर्च ने किया कंगाल ! शातिर बदमाश बन गया गोतस्कर, पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली
बरेली, अमृत विचार। गोवंशीय पशुओं का वध करने वालों के खिलाफ पुलिस एक्शन मोड में है। इस बार क्योलड़िया पुलिस की शातिर बदमाश के साथ मुठभेड़ हो गई। पुलिस एन्काउंटर में बदमाश को पैर में गोली लगी। पुलिस शातिर बदमाश इकराम उर्फ हड्डी को गिरफ्तार कर लिया है। बरेली और शाहजहांपुर में उसके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस को बदमाश ने बताया कि मुकदमों में वकीलों का खर्च भारी पड़ रहा था इसलिए गोवंशीय पशुओं का वध शुरू कर दिया।
पुलिस पर किया फायर
दरअसल थाना क्योलड़िया पुलिस टीम रविवार की देर रात गश्त पर थी। सूचना मिली कि थाना हाफिजगंज व क्योलड़िया बार्डर पर कैलाश नदी के पुल के पास नदी किनारे घने जगंल में कुछ बदमाश आवारा गोवंशीय पशुओं का वध करने की फिराक में हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घने जंगल में घेराबंदी कर बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया। मगर उसने पुलिस पर ही फायर कर दिया।
बदमाश को पैर में लगी गोली
इधर पुलिस ने जवाबी फायरिंग की जिसमें बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पूछताछ उसने अपना नाम इकराम उर्फ हड्डी निवासी मोहल्ला हजियापुर थाना बारादरी बताया। आरोपी के पास से पुलिस ने 01 तमंचा, 01 खोखा कारतूस, 01 जिन्दा कारतूस 315 बोर, 01 मोबाइल फोन और नकदी बरामद की। बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वकीलों का खर्च निकालने को शुरू की गोतस्करी
सीओ क्राइम गौरव सिंह ने बताया कि बदमाश इकराम उर्फ हड्डी शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ बरेली और शाहजहांपुर के अलग-अलग थानों में करीब एक दर्ज मामले दर्ज हैं। पूछताछ में उसने बताया कि अपने ऊपर दर्ज मुकदमों में अदालतों के चक्कर काटने पड़ते हैं। वकीलों को काफी पैसा देना पड़ता है, लिहाजा गोवंशीय पशुओं के अवैध कटान का कारोबार करने लगा।
