यूपी में बिजली की मांग-खपत ने बनाया नया रिकॉर्ड, प्रचंड गर्मी के बीच 30160 मेगावाट विद्युत आपूर्ति, पीक डिमांड 30 हजार मेगावाट के पार
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में पड़ रही प्रचंड गर्मी के बीच बिजली की मांग और खपत ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई है। इस बीच प्रदेश ने एक बार फिर रिकॉर्ड विद्युत आपूर्ति कर नई उपलब्धि हासिल की है। बीते दिवस शाम प्रदेश की पीक डिमांड 30160 मेगावाट रही, जिसे सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। पिछले तीन वर्षों की तरह यह प्रदेश में अब तक की सर्वाधिक बिजली आपूर्ति है तथा पूरे देश में भी उत्तर प्रदेश शीर्ष राज्यों में शामिल रहा।
देशभर में भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई है। जानकारी के अनुसार, बीते दिवस पूरे देश में बिजली की पीक डिमांड 260 गीगावाट दर्ज की गई। ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में भी उत्तर प्रदेश द्वारा रिकॉर्ड बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना ऊर्जा विभाग की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने विद्युत कर्मियों एवं अधिकारियों से आग्रह किया है कि गर्मी के इस चुनौतीपूर्ण समय में विद्युत आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने को पूरी सजगता एवं समर्पण के साथ कार्य करें।
