एक गोली से तीन गंभीर बीमारियों के मरीजों को मिलेगी निजात, अल्जाइमर, मोटापा और याददाश्त की कमजोरी को मात देने वाली दवा का ह्यूमन ट्रायल शुरू
लखनऊ, अमृत विचार : अब अल्जाइमर का इलाज आसान होगा। एक गोली से तीन गंभीर बीमारियों से मरीजों को निजात मिल सकेगी। इसमें अल्जाइमर के साथ मोटापे पर भी वार होगा। याददाश्त को कमजोर होने से भी बचाया जा सकेगा। लंदन में दवा पर ह्यूमन ट्रॉयल चल रहा है। शुरुआती नतीजे उत्साहजनक आए हैं। यह जानकारी लंदन के डॉ. मोने जैदी ने दी।
वह गुरुवार को केजीएमयू मेडिसिन विभाग की ओर से ब्राउन हॉल में भाटिया-मिश्रा स्मृति व्याख्यान को संबोधित कर रहे थे। डॉ. मोने जैदी ने कहा कि अल्जाइमर में मरीज को भूलने की समस्या हो जाती है। मरीज एक ही सवाल बार-बार पूछते हैं। सोचने और निर्णय लेने में परेशानी होती है। यहां तक पैसे का हिसाब या योजना बनाने में कठिनाई होती है। भारत में अल्जाइमर मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। उन्होंने कहा कि नई दवा तैयार की है जिससे अल्जाइमर, मोटापा को रोकेगा। याददाश्त को कमजोर होने से बचाने में मदद करेगी। फॉलिकल-उत्तेजक हार्मोन (एफएसएच) को अवरुद्ध करने वाली दवा नई उम्मीद बनकर उभर रही है। एफएसएच हार्मोन को नियंत्रित करने से न केवल हड्डी और मोटापे पर असर पड़ सकता है। बल्कि मस्तिष्क को तंत्रिका क्षति से भी सुरक्षा मिल सकती है। डॉ. केके सावलानी ने कहा कि जीवनशैली में सुधार अच्छी सेहत हासिल की जा सकती है। कई तरह की गंभीर बीमारियों से भी बचा जा सकता है। इसलिए नियमित कसरत करें। पैदल चलें। फास्ट फूड, कोल्ड ड्रिंक से तौबा करें। इस मौके पर केजीएमयू मेडिसिन विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सीजी अग्रवाल, गठिया रोग विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एसके दास, हिमैटोलॉजी विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एके त्रिपाठी, डॉ. अशोक चन्द्र, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बीके ओझा, पैरामेडिकल विज्ञान के डीन डॉ. केके सिंह तथा शैक्षणिक अधिष्ठाता एवं मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. वीरेन्द्र आतम व डॉ. मेधावी गौतम मौजूद रहे।
