गौ रक्षा आंदोलन पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को मिला पंडित धीरेंद्र शास्त्री का साथ, हिंदुओं से की यह अपील

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

वाराणसी। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। यहां उन्होंने ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का खुलकर समर्थन किया। धीरेंद्र शास्त्री ने यहां मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि गौ माता की रक्षा सनातन धर्म का मूल है और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा उठाए गए कदम सराहनीय हैं।

उन्होंने गौ रक्षा आंदोलन को लेकर अविमुक्तेश्वरानंद के प्रयासों की प्रशंसा की और कहा कि यह मुद्दा सभी हिंदुओं के लिए एकजुट होने का अवसर है। पंडित धीरेंद्र शास्त्री के इस दौरे और बयानों को धार्मिक और सामाजिक स्तर पर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, खासकर वर्तमान में गौ रक्षा और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चल रही बहस के बीच। उनके समर्थन से स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की गौ रक्षा संबंधी मांगों को और बल मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

इसके अलावा, धीरेंद्र शास्त्री ने अमेरिका के राष्ट्रपति पर तीखा बयान देते हुए कहा, "अमेरिका का सत्ताधीश बड़ा विचलित आदमी है। उसका कोई भरोसा नहीं किया जा सकता। वो सुबह कुछ बोलता है, शाम को कुछ और बोलता है। ऐसे लोगों पर विश्वास नहीं करना चाहिए।" उन्होंने विश्व में फैली अशांति के संदर्भ में यह टिप्पणी की और जोर दिया कि सनातन धर्म की गूंज से ही पूरे विश्व में शांति का रास्ता निकलेगा।

संबंधित समाचार