बाराबंकी के 173 बाल वैज्ञानिक: इंस्पायर अवॉर्ड योजना में नया कीर्तिमान, मिला पांचवां स्थान
बाराबंकी, अमृत विचार। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की इंस्पायर अवार्ड मानक योजना 2025-26 में प्रदेश के 7173 विद्यार्थियों के इनोवेशन आइडिया का चयन हुआ है। इस उपलब्धि में बाराबंकी जनपद ने भी नया कीर्तिमान गढ़ते हुए प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त किया है।
जिले से इस वर्ष 173 विद्यार्थियों के वैज्ञानिक आइडिया चयनित किए गए हैं। चयनित विद्यार्थियों को अपने वैज्ञानिक आइडिया पर आधारित मॉडल या प्रोजेक्ट तैयार करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से प्रति छात्र 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि बैंक खातों में भेजी जाएगी।
जिससे वह अपने वैज्ञानिक विचार को मॉडल के रूप में विकसित कर सके। इस संबंध में विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और इंस्पायर अवार्ड मानक प्रभारी शिक्षकों को निर्देश जारी किए गए हैं कि चयनित विद्यार्थियों के बैंक खाते सक्रिय रखें। यदि किसी छात्र के खाते में केवाईसी या अन्य औपचारिकताएं लंबित हैं तो उन्हें शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि प्रोत्साहन राशि के हस्तांतरण में किसी प्रकार की बाधा न आए।
पूजा और शिक्षक राजीव की सफलता ने बढ़ाया हौसला
सिरौलीगौसपुर ब्लॉक के छोटे से गांव डलई का पुरवा के निवासी मजदूर पुत्ती लाल और रसोईयां सुनीला की पुत्री बेटी पूजा पाल का भूसा-धूल पृथक्करण यंत्र इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत ही चयनित हुआ था।
पूजा ने जिला से प्रदेश व फिर राष्ट्रीय स्तर पर इंस्पायर अवार्ड से सफर की शुरुआत की और गाइड टीचर राजीव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में उनके मॉडल को इतनी ऊंचाईयां मिलीं कि उन्होंनेे प्रधानमंत्री बाल पुरस्कार हासिल कर गरीब व मजदूर तबके के साथ आधी आबादी के लिए नया अध्याय लिख डाला। इनकी सफलता से बाकी शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं का हौसला काफी बढ़ गया है।
इंस्पायर अवार्ड मानक योजना का उद्देश्य स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देना है। शिक्षक राजीव श्रीवास्तव और छात्रा पूजा की उपलब्धि से शिक्षकों व छात्रों में योजना के प्रति उत्साह बढ़ा है, जो जनपद के लिए गर्व की बात है।-नवीन पाठक, बीएसए
इंस्पायर अवार्ड में जनपद का पांचवां स्थान गर्व की बात है। पूजा और गाइड शिक्षक राजीव श्रीवास्तव की तरह अन्य विद्यार्थी व शिक्षक भी जिले का नाम देशभर में रोशन कर सकते हैं।-ओ.पी. त्रिपाठी, डीआईओएस
