जेवर एयरपोर्ट पर जल्द शुरू होंगी उड़ानें, BCAS से मिला सिक्योरिटी वेटिंग क्लीयरेंस

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार को जेवर एयरपोर्ट से उड़ान संचालित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है। एयरपोर्ट को ब्यूरो आफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (बीसीएएस) की ओर से सिक्योरिटी वेटिंग क्लीयरेंस मिल गया है। इसके साथ ही अब डायरेक्टर जनरल आफ सिविल एविएशन से एयरोड्रम लाइसेंस मिलने का रास्ता भी लगभग साफ हो गया है।

लाइसेंस जारी होने के बाद यहां से व्यावसायिक उड़ानों का संचालन शुरू किया जा सकेगा। यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (यीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के अनुसार, किसी भी एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन से पहले सुरक्षा मानकों की विस्तृत जांच अनिवार्य होती है।

इसके तहत बीसीएएस की टीम एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली, एक्सेस कंट्रोल, यात्रियों और कार्गो की जांच प्रक्रिया सहित कई पहलुओं का निरीक्षण करती है। सभी मानकों के अनुरूप पाए जाने के बाद ही सिक्योरिटी वेटिंग क्लीयरेंस प्रदान किया जाता है। 

उन्होंने कहा कि सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद अगला महत्वपूर्ण चरण डीजीसीए द्वारा एयरोड्रम लाइसेंस जारी करना होता है। यह लाइसेंस मिलने के बाद ही किसी एयरपोर्ट से नियमित फ्लाइट ऑपरेशंस शुरू किए जा सकते हैं। प्रदेश सरकार का कहना है कि जेवर एयरपोर्ट को जल्द से जल्द ऑपरेशनल बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। 

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकसित हो रहा यह एयरपोर्ट प्रदेश की सबसे बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है। सरकार के अनुसार इसके शुरू होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में निवेश, पर्यटन, लॉजिस्टिक्स और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

साथ ही बड़ी संख्या में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। गौरतलब है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को कई चरणों में विकसित किया जा रहा है। पूर्ण रूप से तैयार होने के बाद यह देश के सबसे बड़े और आधुनिक एयरपोर्ट्स में शामिल होगा और उत्तर प्रदेश को वैश्विक एविएशन नेटवर्क से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

ये भी पढ़ें :
अयोध्या में अमिताभ बच्चन ने खरीदी 35 करोड़ की जमीन, रामनगरी में बिग बी की तीसरी बड़ी डील  

संबंधित समाचार