IBSS Judo World Cup: वर्ल्ड कप में दिखेगा पैरा जूडोकाओं का दमदार प्रदर्शन, पूरे जोश के साथ शुरू किया अभ्यास
लखनऊ, अमृत विचार : आगामी आईबीएसएस जूडो वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए इंडियन ब्लाइंड एंड पैरा जूडो एसोसिएशन की देखरेख में भारतीय पैरा जूडो टीम का प्रशिक्षण शिविर गुरुवार से हजरतगंज स्थित पैरा जूडो एकेडमी में शुरू हो गया। शिविर का उद्घाटन एसोसिएशन के चेयरमैन अवनीश कुमार अवस्थी, अध्यक्ष मुकेश कुमार मेश्राम और उपाध्यक्ष सुधीर हलवासिया ने किया।
यह प्रशिक्षण शिविर 19 मार्च तक चलेगा, जिसमें देश के अनुभवी और उभरते पैरा जूडोका अपनी तकनीक और फिटनेस को निखारते हुए वर्ल्ड कप के लिए अंतिम तैयारियां करेंगे। अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी से टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है। शिविर के समापन के बाद भारतीय पैरा जूडो टीम जॉर्जिया के त्बिलिसी के लिए रवाना होगी, जहां 19 से 26 मार्च तक आयोजित होने वाले आईबीएसएस जूडो वर्ल्ड कप में भारतीय खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश करेंगे।
कैंप में शामिल सदस्य कपिल परमार, देवेंद्र यादव (मध्य प्रदेश), विजेंद्र (हरियाणा), हसन अली (तेलंगाना), संदीप सिंह और अविदश शर्मा, डिपंल (दिल्ली), धर्मवीर और गुलशन (उत्तर प्रदेश), रेनुका सालवे (महाराष्ट्र), दीपक रानी और कोकिला (हरियाणा) हैं। मुख्य कोच मुनव्वर अंजार (लखनऊ) हैं, जबकि सहायक कोच के रूप में अकरम शाह और दीपक गुप्ता जिम्मेदारी निभा रहे हैं। स्मिता सेठी सहायक सदस्य और अदिति जैन फीजियोथेरेपिस्ट के रूप में टीम के साथ मौजूद हैं।
