कानपुर पहुंचे सीएम योगी : RSS और भाजपा नेताओं के साथ की समन्वय बैठक, 2027 के चुनाव पर हुई चर्चा?

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) शुक्रवार को कानपुर (Kanpur) पहुंचे, जहां उन्होंने एक महत्वपूर्ण राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधि में भाग लिया। वे नवाबगंज स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय (Pt. Deendayal Upadhyay Sanatan Dharma Vidyalaya) पहुंचे और यहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS ) द्वारा आयोजित समन्वय बैठक में शामिल हुए।

इस बैठक में आरएसएस से जुड़े विभिन्न आनुषांगिक संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कई नेता और पदाधिकारी मौजूद थे। यह बैठक राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि इसमें 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों, बीजेपी की जीत की हैट्रिक लगाने की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और क्षेत्रीय स्तर पर कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा हुई।

साथ ही, कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श की संभावना जताई गई है। मुख्यमंत्री के कानपुर पहुंचने पर भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उनका हेलीकॉप्टर चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (CSA) के हेलीपैड पर उतरा, जहां पहले से मौजूद भाजपा विधायकों, प्रदेश अध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उन्हें गर्मजोशी से स्वागत किया।

स्वागत के दौरान भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री से शहर की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक गतिविधियों और चुनौतियों पर चर्चा की। बताया जा रहा है कि योगी आदित्यनाथ ने स्थानीय नेताओं से क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों और कार्यकर्ताओं की फीडबैक के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

संबंधित समाचार