Bareilly : राधा कृष्ण मंदिर कट पर अंडरपास को मिली मंजूरी
फतेहगंज पश्चिमी के छात्र ने बार-बार हो रहे हादसों को लेकर उठाया था मुद्दा
बरेली, अमृत विचार। फतेहगंज पश्चिमी में राष्ट्रीय राजमार्ग 530 पर स्थित खतरनाक राधा कृष्ण मंदिर कट अब स्थानीय लोगों के लिए काल नहीं बनेगा। कस्बे के छात्र असद अंसारी की ओर से प्रधानमंत्री कार्यालय में की गई निरंतर शिकायतों के बाद, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएसअई) ने इस संवेदनशील मुद्दे पर बड़ा निर्णय लिया है।
एनएचएआई ने आधिकारिक तौर पर सूचित किया है कि यात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए इस स्थान पर जल्द ही अंडरपास का निर्माण किया जाएगा। इससे पहले छात्र असद अंसारी ने हाईवे के दो प्रमुख कटों की सुरक्षा को लेकर आवाज उठाई थी। उनकी पिछली शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एनएचएआई ने एएनए वाले कट को तो बंद कर दिया था, लेकिन राधा कृष्ण मंदिर कट पर महज चेतावनी बोर्ड और संकेतक लगाकर छोड़ दिया गया था। इस आधे-अधूरे समाधान और लगातार हो रही दुर्घटनाओं से असंतुष्ट होकर असद ने दोबारा पीएमओ का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने तर्क दिया कि जब तक यहां स्थायी निर्माण नहीं होता, तब तक राहगीरों की जान जोखिम में बनी रहेगी।
एनएचएआई की ओर से 6 मार्च को जारी पत्र केअनुसार, वर्तमान में वहां रंबल स्ट्रिप्स और सोलर ब्लिंकर जैसी सुरक्षा व्यवस्थाएं कर दी गई हैं। यह भी स्पष्ट किया कि स्थल की गंभीरता को देखते हुए अंडरपास बनाने के प्रस्ताव को सक्षम अधिकारियों से मंजूरी मिल चुकी है। जल्द ही निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्य धरातल पर उतरेगा। इस घोषणा से क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है और इसे एक छात्र के संघर्ष की बड़ी जीत माना जा रहा है।
पिछले महीने एनएचएआई की टीम ने किया था निरीक्षण
छात्र असद अंसारी की शिकायत पीएमओ कार्यालय तक पहुंचने के बाद एनएचएआई की टीम ने मौके पर पहुंचकर बीते दिनों कट का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने राधा कृष्ण मंदिर के पास बने खतरनाक हाईवे कट को पूर्ण रूप से बंद करने की तैयारी शुरू कर दी थी। जांच के दौरान यह माना गया था कि यह कट लगातार जानलेवा हादसों का कारण बन रहा है, इसे खुला रखना आमजन की जान के लिए खतरा है। अब अंडरपास बनाए जाने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई है कि अंडरपास बनने से भविष्य में होने वाले हादसों पर रोक लग सकेगी।
लोकार्पण से पहले सौंदर्यीकरण के कार्य तेज
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे और लोकार्पण कार्यक्रम से पहले बीडीए के अफसर कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते है। रामगंगा नगर आवासीय योजना के सेक्टर-2 में निर्मित भव्य ''''रामायण वाटिका'''' के आसपास के क्षेत्र को आकर्षक बनाने के लिए युद्ध स्तर पर सौंदर्यीकरण कार्य किया जा रहा है। वाटिका के चारों ओर इस रोड पर सुरक्षा के लिए लगाए गए ट्री-गार्ड्स पर विशेष रंगाई-पुताई का कार्य शुरू किया गया है, ताकि वे न केवल वृक्षों की रक्षा करें बल्कि मार्ग की दृश्य सुंदरता में भी चार चांद लगा सकें। इसके साथ ही, वाटिका के समीपवर्ती क्षेत्रों और फुटपाथों के किनारे रंग-बिरंगे फूलों के पौधे और आकर्षक लैंडस्केपिंग की जा रही है।
