विपक्ष ने देश को गहरी चोट पहुंचाने का किया काम : केशव मौर्य
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को कहा कि विपक्ष ने देश को गहरी चोट पहुंचाने का काम किया है। सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि चीन ने भारत की जमीन पर कब्जा किया और कश्मीर का कुछ हिस्सा पाकिस्तान के पास है, इसके बावजूद विपक्ष सरकार पर आरोप लगाता रहता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल जिस भाषा का प्रयोग करते हैं, वह उन्हें शोभा नहीं देता। उन्होंने कहा कि श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश मजबूत और सुरक्षित हुआ है तथा तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। बिहार की राजनीतिक स्थिति पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह बड़ा राजनीतिक निर्णय है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार देश के वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं और उनके राज्यसभा जाने के निर्णय पर अधिक टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, यह उन्हें जानकारी नहीं है। शंकराचार्य से जुड़े मुद्दे पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में गौ-रक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था है और गोमाता को कोई नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। यात्रा की अनुमति संबंधित प्राधिकरण द्वारा दी जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक की तथा विभागीय अधिकारियों के साथ सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इसके बाद वह निवेदिता बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
