वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर साढ़े तीन करोड़ का सोना बरामद, दो गिरफ्तार
वाराणसी। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के संयुक्त अभियान में करीब 3.5 करोड़ रुपये मूल्य का अवैध सोना बरामद किया गया है। कार्रवाई के दौरान दो किलो 215 ग्राम वजन के 19 गोल्ड बार के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र के सतारा निवासी बालासो और पुणे निवासी तेजस बाला साहब पवार के रूप में हुई है। दोनों को शुक्रवार तड़के स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर पांच से गिरफ्तार किया गया। प्रयागराज जोन के पुलिस महानिरीक्षक (रेलवे) एन. कोलांची ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि सोना अफ्रीका से बांग्लादेश लाया गया था और वहां से अवैध रूप से सीमा पार कर पश्चिम बंगाल पहुंचाया गया, जहां से आरोपी इसे दिल्ली ले जाने की फिराक में थे। पुलिस को शक है कि इसके पीछे कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय गिरोह सक्रिय हो सकता है।
पूछताछ में यह भी पता चला कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक महाराष्ट्र में पेंटिंग का काम करता है, जबकि दूसरा खुद को छात्र बता रहा है। दोनों डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस से पश्चिम बंगाल से वाराणसी होते हुए दिल्ली जा रहे थे। बरामद सोना आगे की वैधानिक कार्रवाई और जांच के लिए सीमा शुल्क (कस्टम) और आयकर विभाग को सौंपा जाएगा।
