शीतला माता मंदिर मार्ग की हालत खस्ता : पैदल यात्रियों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी, लोगों में गुस्सा
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के देवबंद में शीतला माता मंदिर को जाने वाले कुटी रोड स्थित सड़क मार्ग की हालत बेहद खस्ता हो गई है, जिससे वाहन चालकों, पैदल यात्रियों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग से कार, बाइक, स्कूटर और रिक्शा ही नहीं बल्कि पैदल आने-जाने वालों के लिए भी चलना मुश्किल हो गया है।
इन दिनों माता शीतला की विशेष पूजा चल रही है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं, लेकिन खराब सड़क के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं का कहना है कि सड़क की दुर्दशा को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के प्रति लोगों में भारी रोष है।
उनका आरोप है कि मंदिर तक जाने वाले मार्ग के निर्माण और मंदिर के सौंदर्यीकरण की ओर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। मंदिर के पुजारी निरंजन अग्रवाल ने बताया कि मंदिर प्रांगण में बिजली और पानी की भी समुचित व्यवस्था नहीं है। बिजली न होने के कारण श्रद्धालुओं को माता के स्पष्ट दर्शन करने में भी कठिनाई होती है।
उन्होंने कहा कि कई बार जनप्रतिनिधि मंदिर में आकर सड़क निर्माण और सौंदर्यीकरण का आश्वासन दे चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई काम नहीं हुआ है। पुजारी ने बताया कि चैत्र मास के बाद गर्मी बढ़ने के साथ चेचक और खसरा जैसी बीमारियों से बचाव की कामना लेकर लोग परंपरागत रूप से माता शीतला की पूजा करने आते हैं।
पिछले दो-तीन दिनों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर अपने बच्चों की सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना कर रहे हैं। श्रद्धालुओं और मंदिर प्रशासन ने देवबंद क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि शीतला माता मंदिर को जाने वाले सड़क मार्ग का शीघ्र निर्माण कराया जाए और मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के साथ बिजली-पानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
ये भी पढ़ें :
नोएडा एयरपोर्ट के पास अकासा एयर बनाएगी MRO, कराई जाएंगी विमानों के रखरखाव से जुड़ी विभिन्न उन्नत सेवाएं उपलब्ध
