दरोगा भर्ती परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर पेपर लीक का झांसा: बड़ी रकम वसूलने के प्रयास, दर्ज कराई गई FIR
लखनऊ, अमृत विचार: उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों की सीधी भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा में जालसाज सक्रिय हो गए हैं। सोशल मीडिया टेलीग्राम पर तीन चैनल बनाकर पेपर लीक कराने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से ठगी का प्रयास किया गया। 20 हजार में पेपर देने का झांसा देकर क्यूआर कोड, खाता नंबर व आईएफएससी कोड भी साझा किया जा रहा है। इस मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के सोशल मीडिया सेल निरीक्षक ने गुरुवार को हुसैनगंज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
निरीक्षक सतेंद्र कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से 14 व 15 मार्च को दरोगा भर्ती की परीक्षा होनी है। बोर्ड की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफार्म व्हाट्सएप्प, एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम, यू-ट्यूब और टेलीग्राम पर निगरानी की जा रही है। टेलीग्राम पर तीन चैनल यूपी एसआई यूपी पोलिस -2026, रिजल्ट पैनल पीवीटीटीएम और यूपी एक्जाम पेपर यूपी एसआई-2026 संचालित मिले। इन चैनलों पर अभ्यर्थियों को दरोगा भर्ती परीक्षा 2025 का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का झांसा दिया जा रहा है।
यूपी एसआई यूपी पोलिस -2026 नाम के चैनल पर Armancena687@okicici यूपीआई आईडी वायरल कर अभ्यर्थियों से 20 हजार रुपये जमा कराने पर प्रश्नपत्र देने का मैसेज किया गया। वहीं रिजल्ट पैनल पीवीटीटीएम चैनल पर क्यूआर कोड शेयर कर अभ्यर्थियों से 10 हजार रुपये एडवांस और 10 हजार रुपये परीक्षा के बाद देने की बात कही गई है।
यूपी एक्जाम पेपर यूपी एसआई-2026 चैनल पर एयरटेल पेमेंट बैंक लिमिटेड के खाता व आईएफएससी कोड की डिटेल जारी कर 10 हजार रुपये एडवांस और 10 हजार रुपये परीक्षा के बाद जमा करने पर पेपर उपलब्ध कराने का मैसेज किया गया।निरीक्षक ने तीनों टेलीग्राम चैनल के खिलाफ हुसैनगंज कोतवाली में धोखाधड़ी, सरकारी कार्य में बाधा, यूपी सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम व आईटी एक्ट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसओ हुसैनगंज शिवमंगल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें :
यूपी के श्रमिक 6 भाषाओं में दर्ज कर सकेगें शिकायत: बोले अनिल राजभर, एक लाख श्रमिक ले चुके इसका लाभ
