फसल क्षति पर सरकार की तेज कार्रवाई : अग्निकांड, ओलावृष्टि व अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को करोड़ों की राहत
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सरकार ने हालिया खराब मौसम, आंधी, अग्निकांड, ओलावृष्टि और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। प्रशासन को फील्ड में सक्रिय रहकर त्वरित सर्वेक्षण और सहायता वितरण के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी पात्र किसान मदद से वंचित न रहे।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026-27 में अग्निकांड की घटनाओं से बाराबंकी, बलिया, बांदा, महराजगंज, मथुरा, पीलीभीत, रामपुर और सोनभद्र सहित 8 जनपदों में 111.134 हेक्टेयर फसल क्षति दर्ज की गई है। इसके सापेक्ष 668 प्रभावित किसानों में से 51 किसानों को अब तक Rs1,81,963 की राहत राशि वितरित की जा चुकी है। वहीं ओलावृष्टि से मथुरा, जालौन, हरदोई, बुलंदशहर, औरैया, संभल, शाहजहांपुर, आगरा, अलीगढ़, कन्नौज, ललितपुर, सहारनपुर और उन्नाव सहित 13 जनपदों में 38,369.72 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है।
इस आपदा से प्रभावित 1,07,104 किसानों में से 23,983 किसानों को रुपये 14,92,60,448 की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। इसके अलावा अतिवृष्टि के कारण कानपुर देहात, शाहजहांपुर, रामपुर, जालौन, बुलंदशहर, गोंडा, मथुरा, पीलीभीत और सहारनपुर सहित 9 जनपदों में 1,358.678 हेक्टेयर फसल क्षति दर्ज की गई है। यहां 3,920 प्रभावित किसानों में से 1,849 किसानों को Rs1,09,87,132 की राहत राशि वितरित की गई है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि फसल क्षति का आकलन तेजी से कराया जा रहा है और शेष प्रभावित किसानों को भी शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे किसानों को समयबद्ध राहत मिल सके और वे आगामी फसल की तैयारी बिना किसी बाधा के कर सकें।
